त्योहारों के सीजन में लोगों का रेलवे के जरिए सफर करना ज्यादा बढ़ जाता है। इसके चलते आम दिनों की तुलना में त्योहारों के सीजन में रेलवे से ज्यादा यात्री ट्रैवल करते हैं और कई बार तो टिकट भी नहीं मिलती। यात्रियों की इसी बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए दिल्ली के शकूरबस्ती से दरभंगा के बीच रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है।

 

उत्तर रेलवे की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, ट्रेन नंबर 04098/04097 शकूरबस्ती और दरभंगा के बीच चलेगी। शकूरबस्ती से यह ट्रेन 1 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक चलेगी, जबकि दरभंगा से इसकी सेवा 2 अक्टूबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक रहेगी। दोनों दिशाओं में कुल 52-52 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, पटना में फूंका पुतला

हफ्ते में छह दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, शकूरबस्ती से दरभंगा जाने वाली ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। वहीं दरभंगा से शकूरबस्ती जाने वाली ट्रेन बुधवार को छोड़कर छह दिन चलेगी। दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे ने शकूरबस्ती और दरभंगा के बीच इस ट्रेन के चलने से लाखों यात्रियों को फायदा होगा। इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध होंगे।

ट्रेन का रूट और समय

ट्रेन नंबर 04098 शकूरबस्ती से शाम 9:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, कानपुर, उन्नाव, ऐशबाग, बादशाहनगर, बाराबंकी, बुर्हवाल, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, घोड़ासहन, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर रुकेगी।

 

ट्रेन नंबर 04097 दरभंगा से शाम 6 बजे रवाना होगी। अगले दिन यह ट्रेन शकूरबस्ती पहुंचेगी। दरभंगा से लौटते समय ट्रेन कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, घोड़ासहन, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, बगहा, सिसवा बाजार, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, बुर्हवाल, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, उन्नाव, कानपुर, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी। दरभंगा से आने वाली ट्रेन का नई दिल्ली पहुंचने का समय शाम 4:40 बजे से 4:50 बजे के बीच और गाजियाबाद पहुंचने का समय दोपहर 3:46 बजे से 3:48 बजे के बीच निर्धारित है। कानपुर में यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे पहुंचेगी और 6:55 बजे रवाना होगी।

 

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव समेत 10 के खिलाफ FIR, मारपीट का आरोप; जानिए क्या है पूरा विवाद?

यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी

रेलवे ने प्रेस रिलीज में यात्रियों को ट्रेन के संचालन और समय से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए NTES देखने या रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करने की सलाह दी है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर यात्रियों को सुविधा देगी। दिल्ली जैसे इलाकों में बिहार के लाखों लोग रहते हैं और वे त्योहारों पर अपने घर जाते हैं। ऐसे में उन्हें त्योहारों पर रेलवे की ओर से अतिरिक्त सुविधा का लाभ मिल सकता है।