असम के गुवाहटी में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। गुवाहटी के जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने होटल बिलास इन स्थित है। होटल मालिक और उसे पट्टे पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। मामला फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के मुताबिक छह लोगों को गोली लगी है। इनमें से पांच की मौत हो गई है। एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। 


पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले शख्स ने होटल को पट्टे पर ले रखा था। घटना में इस्तेमाल वारदात समेत आरोपी को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। गुवाहटी पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पट्टे समझौते से जुड़े विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। जान गंवाने वाले सभी लोग होटल मालिक से संबंधित थे। 

 

यह भी पढ़ें: इटावा: प्रेमी संग मिलकर बेटी ने की पिता की हत्या, संदूक में छिपाई लाश

 

घटना का वीडियो भी वायरल

होटल में फायरिंग के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें गाली में एक शख्स गंभीर हालत में अचेत पड़ा है। होटल के अंदर एक महिला और पुरुष घायल पड़े हैं। एक अन्य कमरे में एक और व्यक्ति अचेत पड़ा है। घटनास्थल पर पुलिसबल की भारी मौजूदगी है। घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। 

 

 

 

यह भी पढ़ें: पहले जमीन का खेल, अब डस्टबिन स्कैम का बवाल, किस आफत में पड़ गए हैं मोहन यादव?

 

असम कांग्रेस ने गोलीबारी की घटना पर दुख जताया और कानून-व्यवस्था पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पार्टी ने लिखा, 'गुवाहाटी में सुरक्षा की चिंताजनक स्थिति, सार्वजनिक सुरक्षा और असम में कानून-व्यवस्था की हालत पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। असम की जनता बेहतर की हकदार है! सरकार को तुरंत कदम उठाना चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए!'