केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, परिसीमन विधेयक संसद से पास कराने की तैयारी में जुटी है। अप्रैल 2026 की तरह इस बार विपक्ष एकजुट नजर नहीं आया है। प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का रास्ता खोला गया है। 

राज्य विधानसभाओं में सीटों की अधिकतम सीमा 650 तय करने का प्रावधान है। इसके तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा में 2029 के बाद 605 विधायक हो सकते हैं। विधेयक शुक्रवार को सांसदों के बीच बांटा गया है। इसमें देश के प्रस्तावित चुनावी नक्शे का ब्योरा दिया गया है, जिसमें तीन साल के भीतर बड़ा विस्तार हो सकता है। 

 

विधेयक अनुच्छेद 334 में बदलाव कर सभी विधायिकाओं की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाता है। वहीं अनुच्छेद 170 में संशोधन कर विधानसभाओं की अधिकतम सीटें 650 करता है।

यह भी पढ़ें: परिसीमन से कैसे बदलेगा चुनावी गणित? हर राज्य में 50% सीटें बढ़ाने की तैयारी

यूपी में कितनी सीटें होंगी?

अनुच्छेद 170 में फिलहाल राज्य विधानसभाओं की अधिकतम संख्या 500 तय है। उत्तर प्रदेश में अभी सबसे ज्यादा 403 सीटें हैं। अन्य राज्यों में विधानसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ेंगी, जबकि यूपी में 2029 के बाद 605 विधायक होंगे। इस तरह यह 600 से ज्यादा विधायकों वाला अकेला राज्य होगा। परिसीमन के बाद यूपी में लोकसभा की 120 सीटें भी होंगी।

दूसरे बड़े राज्यों में क्या होगा?

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यों वाली विधानसभा बढ़कर 441 सीटों की हो जाएगी। महाराष्ट्र की 288 सदस्यों वाली विधानसभा में 432 सीटें होंगी। विधेयक में कहा गया है कि अनुच्छेद 170 के खंड (1) में 500 की जगह 650 का जिक्र होगा।

यह भी पढ़ें: TMC के 20 बागी सांसद क्या परिसीमन पर वोट दे सकेंगे? स्पीकर का फैसला अहम

विधानसभा भवनों का क्या होगा?

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर राज्यों की विधानसभाओं को नए भवन की जरूरत पड़ेगी। मौजूदा सदनों में अतिरिक्त विधायकों के बैठने की पर्याप्त जगह नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक 1928 में उद्घाटित यूपी विधानसभा भवन और 1931 में उद्घाटित पश्चिम बंगाल विधानसभा भवन में 2029 के बाद बढ़ी संख्या के लिए जगह कम पड़ सकती है।