झारखंड विधानसभा में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला है, जहां सदन ने केंद्र के 'खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम' (MMDR Act) के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया है। यह प्रस्ताव सदन में वॉइस वोट के जरिए पास किया गया। सवाल यह उठ रहा है कि जब सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2024 में राज्य सरकारों को खनिजों और खनिज वाली जमीन पर टैक्स लगाने का अधिकार दिया था। इसके बाद केंद्र ने ऐसा क्या बदला जिससे झारखंड की सरकार संसाधन के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है?
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के करीब दो साल बाद अगस्त 2026 में संसद ने खनन कानून (MMDR Act) में संशोधन करके राज्यों के इस अधिकार पर केंद्र की शर्तें लागू कर दी हैं। इस बदलाव के बाद राज्य सरकारें अपनी मर्जी से खनिजों या खदानों की जमीन पर नया टैक्स नहीं लगा सकेंगी। साथ ही, 22 अगस्त 2026 से पहले का जो टैक्स कंपनियों से वसूला नहीं जा सका था, उसे भी अब अमान्य घोषित कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: '5 फीसद आबादी, 40% जज', पूर्व CJI गवई ने कॉलेजियम सिस्टम पर उठाए सवाल
SC ने 2024 में क्या फैसला दिया था?
25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की 9 जजों की संविधान पीठ ने 8:1 के बहुमत से एक बड़ा फैसला सुनाया था। यह मामला मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया से जुड़ा था। कोर्ट ने तीन मुख्य बातें साफ की थीं। पहला, जब कोई कंपनी खदान से कोयला या लोहा निकालती है तो वह सरकार को रॉयल्टी देती है। कोर्ट ने कहा कि यह रॉयल्टी कोई टैक्स नहीं, बल्कि खनिज निकालने के अधिकार के बदले दिया जाने वाला शुल्क है।
दूसरा, संविधान की सातवीं अनुसूची राज्यों को खनिज अधिकारों पर टैक्स लगाने की ताकत देती है। हालांकि, संसद कानून बनाकर इस पर सीमा तय कर सकती है। तीसरा, राज्य सूची की एंट्री 49 के तहत राज्य सरकारें जमीन और इमारतों पर टैक्स लगा सकती हैं। कोर्ट ने माना कि खनिज वाली जमीन भी इसी में आती है और इस पर टैक्स की गणना खनिज की मात्रा या कीमत के आधार पर की जा सकती है। इसके बाद 14 अगस्त 2024 को कोर्ट ने यह भी कहा था कि राज्य 1 अप्रैल 2005 के बाद का पुराना बकाया टैक्स कंपनियों से किस्तों में वसूल सकते हैं।
अगस्त 2026 में केंद्र सरकार ने कानून में क्या बदला?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के दो साल बाद संसद ने खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 पास किया। 10 अगस्त 2026 को लोकसभा में पेश होने के बाद यह विधेयक दोनों सदनों से पास हुआ और 22 अगस्त 2026 से पूरे देश में लागू हो गया। इस कानून में सेक्शन 9D जोड़ा गया है, जिसने पूरा गणित बदल दिया है।
सबसे पहला, अब राज्य सरकारें खनिज अधिकारों या खनिज वाली जमीन पर तभी कोई टैक्स या सेस लगा पाएंगी, जब वह केंद्र सरकार की तय की गई शर्तों के दायरे में होगा। दूसरा, 22 अगस्त 2026 से पहले राज्यों ने जो टैक्स लगाया था लेकिन वह कंपनियों से वसूला नहीं गया था या खजाने में जमा नहीं हुआ था, वह अब अमान्य माना जाएगा। और तीसरा, जिन कंपनियों ने कानून लागू होने से पहले ही टैक्स जमा कर दिया था, राज्यों को वह पैसा वापस करने की जरूरत नहीं होगी।
संवैधानिक पेंच क्या है?
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प कानूनी पहलू संविधान की सातवीं अनुसूची से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने 2024 में माना था कि संसद के पास एंट्री 50 के तहत 'खनिज अधिकारों' पर लगने वाले टैक्स को सीमित करने की ताकत है। लेकिन 'खनिज वाली जमीन' पर टैक्स को संसद इस आधार पर नहीं रोक सकती। नए सेक्शन 9D के जरिए केंद्र ने इन दोनों तरह के टैक्स को अपने दायरे में ले लिया है।
इन सब के बीच सवाल यह उठता है कि जब जमीन राज्य सूची का विषय है तो क्या संसद खनिज वाली जमीन पर लगने वाले टैक्स को नियंत्रित कर सकती है? इसके अलावा क्या संसद केवल नया कानून बनाकर सुप्रीम कोर्ट के 2024 के उस आदेश को निष्प्रभावी कर सकती है, जिसमें 2005 से बकाया वसूली की इजाजत दी गई थी?
कुछ और सवाल है जिसे उठाकर सरकार पर आरोप लगाया जा रहा है। जैसे एक ही तरह के टैक्स में जिन्होंने समय पर पैसा दे दिया उन्हें रिफंड नहीं मिलेगा, जबकि पैसा न देने वालों का बकाया माफ हो जाएगा। यह संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत चुनौती का विषय बन सकता है। टैक्स की शर्तें खुद संसद ने तय करने के बजाय केंद्र सरकार के नियमों पर छोड़ दी हैं, जिसे कानूनी भाषा में अधिकारों का जरूरत से ज्यादा हस्तांतरण माना जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'हमारा रुख नहीं बदला', परिसीमन बिल पर स्टालिन ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट
मामले पर केंद्र सरकार का तर्क
केंद्र सरकार का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में मनमाने टैक्स और पुराने बकाये की मांग से खनन कंपनियों की लागत बढ़ रही थी और निवेश पर बुरा असर पड़ रहा था। सरकार के मुताबिक, इससे राज्यों को मिलने वाली रॉयल्टी, नीलामी की रकम, DMF फंड और GST की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा और खनन राजस्व का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा पहले की तरह राज्यों को ही मिलता रहेगा।
झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसे खनिज संपन्न राज्यों के लिए यह बड़ा बदलाव है, क्योंकि अब वे अपने स्तर पर अतिरिक्त टैक्स नहीं लगा पाएंगे। दूसरी तरफ, जिन खनन कंपनियों पर पुराने टैक्स का भारी बकाया था, उन्हें बड़ी राहत मिली है। आने वाले समय में यदि खनन कंपनियों की लागत स्थिर रहती है तो इसका अप्रत्यक्ष असर बिजली, स्टील और सीमेंट जैसे उद्योगों पर भी देखने को मिल सकता है।
