केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। यह सर्कुलर महाराष्ट्र पुलिस के कहने पर दिया गया है। जस्टिस अमित महाजन की बेंच के सामने सरकार ने यह जवाब दिया है। सौरभ दास ने कहा है कि उनकी नागरिकता छीनने की कोशिश की जा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास ने दावा किया है कि उनकी नागरिकता पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होने कहा है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की टूलकिट का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि इस सरकार में लोगों से उनका अस्तित्व छीना जा रहा है। 

यह भी पढ़ें: CJP नेता सौरव दास पर कसा शिकंजा, महाराष्ट्र पुलिस की मांग पर LOC जारी

सौरभ दास, नेता, कॉकरोच जनता पार्टी:-
मेरी नागरिकता पर खतरा चाहे कितना भी बेतुका और हास्यास्पद क्यों न लगे, लेकिन यह समझना जरूरी है कि यह क्या दर्शाता है। यह मोदी-शाह के टूलकिट का एक नया हथियार है। किसी नागरिक के अस्तित्व को ही छीन लेने की धमकी देना। अब बात सिर्फ असहमति की आवाज को दबाने तक सीमित नहीं रह गई है। इस गणतंत्र के नागरिक के तौर पर किसी व्यक्ति के अस्तित्व पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं।


सौरभ दास ने कहा, 'क्या मोदी-शाह के नेतृत्व में भाजपा की राजनीति अब इतने निचले स्तर पर आ गई है? मैं इस तरह की सस्ती राजनीति से डरने वाला नहीं हूं। मैं युवाओं की बेरोज़गारी, शिक्षा सुधार, पेपर लीक, पर्यावरण के विनाश और चुनावी निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर सवाल उठाना जारी रखूंगा।'

सौरभ दास, नेता, कॉकरोच जनता पार्टी:-
मेरी पीढ़ी के लिए मेरे निजी जीवन का कोई खास महत्व नहीं है। हमारे लिए जो मायने रखता है, वह है, हमारी शिक्षा, हमारी आजीविका, हमारी आजादी और हमारा साझा भविष्य। मेरे निजी जीवन को लेकर गढ़े गए किसी भी तरह के सस्ते विवाद से इसमें कोई बदलाव नहीं आने वाला।  

क्यों सौरभ दास ने ऐसा कहा है?

सौरभ दास के LOC वाले मुद्दे पर केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा पेश हुए थे। सौरभ दास की तरफ से वरिष्ठ वकील अखिल सिब्बल ने अदालत में अपना पक्ष रखा। सौरभ दास के वकील ने कोर्ट को बताया कि उन्हें LOC की कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने केंद्र से सर्कुलर का ब्योरा मांगा। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की है। चेतन शर्मा ने कोर्ट में कहा कि दास की कानूनी टीम LOC का ब्योरा खुद हासिल कर सकती है और उसे चुनौती भी दे सकती है। उन्होंने बताया कि LOC 22 और 23 नवंबर को जारी किया गया।

 

 



यह भी पढ़ें: 'ऑक्सफोर्ड में लेक्चर देना था, एयरपोर्ट पर रोक लिया', CJP के सौरव दास का आरोप

LOC क्या है?

LOC एक नोटिस होता है, जो भारत की कानूनी एजेंसियां इमिग्रेशन अधिकारियों को जारी करती हैं। इसका मकसद किसी व्यक्ति की विदेश यात्रा पर नजर रखना होता है। आमतौर पर इसका इस्तेमाल किसी को देश छोड़ने से रोकने के लिए, या जांच एजेंसियों को सतर्क करने के लिए किया जाता है।

सौरभ दास नाराज क्यों हैं?

सौरभ दास ने सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था। उनका आरोप है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए लंदन जाने से रोका गया। उन्होंने कहा कि BJP की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने यात्रा से करीब पांच घंटे पहले उन्हें पासपोर्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर कारण बताओ नोटिस भेजा।

केंद्र सरकार ने क्या जवाब दिया है?

केंद्र सरकार के वकील ने कहा कि सौरभ दास को सिर्फ विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई थी। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को पुडुचेरी के SP और SSP ने दास के जन्म स्थान, स्कूली शिक्षा, पते और माता-पिता की जानकारी की जांच की थी। जांच की वजह यह थी कि सौरभ दास ने पासपोर्ट में पिता का कॉलम खाली छोड़ा था। केंद्र के वकील के मुताबिक कथित गड़बड़ियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें: 'ट्रंप के साथ ज्ञानेश कुमार ऐसा नहीं होने देते..,' US चुनाव पर मजे ले रही CJP

क्या-क्या कमियां गिना रही सरकार?

केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने यह भी कहा कि जांच में कई गड़बड़ियां मिली हैं। उन्होंने बताया कि इसी मामले में 30 अगस्त को मद्रास हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल हो चुकी है, जिसमें सौरभ दास प्रतिवादी हैं। कारण बताओ नोटिस 23 नवंबर की शाम 7.32 से 7.59 बजे के बीच जारी किया गया।

सौरभ दास ने क्या कहा है?

सौरभ दास ने अपने बयान में नागरिकता पर उठे सवाल को मोदी-शाह का नया हथियार बताया है। उन्होंने पूछा कि क्या यह BJP की राजनीति का नया निचला स्तर है। उन्होंने कहा कि वह डरेंगे नहीं युवाओं की बेरोजगारी, शिक्षा सुधार, पेपर लीक, पर्यावरण को नुकसान और चुनावी निष्पक्षता जैसे मुद्दे उठाते रहेंगे। उनका कहना है कि उनकी निजी जिंदगी से उनकी पीढ़ी को कोई फर्क नहीं पड़ता।