मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित फ्रीडम पार्क में गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल हुए। ध्रुल राठी राजनीतिक मामलों पर बनाए वीडियो के कारण काफी चर्चा में रहते हैं। इस मंच से ध्रुव राठी ने जनता को संबोधित भी किया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की। अपने भाषण में उन्होंने साफ कहा कि वह सत्ता परिवर्तन के लिए भारत नहीं आए हैं।
ध्रुव राठी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं यहां सरकार बदलने के लिए नहीं आया हूं बल्कि चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे उठाने के लिए आया हूं।' इसके साथ ही उन्होंने SIR की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। ध्रुव राठी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की ओर से इस पूरी प्रक्रिया में जीरो ट्रांसपेरेंसी और जीरो अकाउंटेबिलिटी है।
यह भी पढ़ें: छपरा में नगर आयुक्त को 10 हजार की रिश्वत देने पहुंचा टैक्स कलेक्टर गिरफ्तार
वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए
इस प्रदर्शन के दौरान ध्रुव राठी ने मंच से वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने नरेंद्र मोदी को टैग किया है और लिखा है कि नरेंद्र मोदी आपके लिए एक मैसेज है। वीडियो में वह वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाते हैं।
पहली बार प्रदर्शन में शामिल हुए
गौरतलब है कि ध्रुव राठी जर्मनी में रहकर अपना काम करते हैं और उन्होंने वहां एक जर्मन लड़की से शादी भी कर ली है। वह यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए भारत से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाते रहते हैं लेकिन वह कभी खुद प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे। इस बार उन्होंने खुद प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला लिया है। सोशल मीडिया पर भी वह लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में पुलिस मुठभेड़: 3 बदमाश घायल, तीन पिस्टल और कारतूस से भरा बैग बरामद
10 अक्टूबर को दिल्ली में होगा प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का कॉल दिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने एक बयान जारी कर कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। वहीं, अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि सरकार इस प्रदर्शन को रोकने के कोशिश कर रही है और लोगों को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है। ध्रुव राठी 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होंगे या नहीं इस बारे में अभी उन्होंने जानकारी शेयर नहीं की है।
