उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन हुआ है। गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद हैं। असदुद्दीन ओवैसी अक्सर यूपी की सियासत में आरोप लगाते रहे हैं कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में मुसलमानों को दरी बिछाने के लिए रखा है। साल 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले उन्होंने एलान किया कि अब 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा', राज्य की सत्ता में आएगा।

समाजवादी पार्टी और AIMIM के आलोचक दलों का कहना है कि वह जिस गठबंधन का हिस्सा हैं, उसमें भी तो उन्हें 'दरी बिछाने' वाली भूमिका दी जा रही है। अगर वह अल्पसंख्यक राजनीति कर रह हैं तो उन्हें 'दरी बिछाने' से अलग कोई भूमिका लेनी चाहिए थी, किसी मुस्लिम शख्स को ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी से लेकर समाजवादी पार्टी तक, इस फैसले पर ओवैसी को घेर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: BJP या सपा, किसकी टेंशन बढ़ाएगा ओवैसी और चंद्रशेखर का नया गठबंधन?

ओवैसी-आजाद का गठजोड़ क्या है?

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्र शेखर आजाद, दोनों ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। यह मोर्चा मुस्लिम और दलित मतदाताओं को साधना चाहता है। दोनों वर्ग समाजवादी पार्टी (SP) के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का अहम आधार हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव इस मोर्चे से बेफिक्र दिख रहे हैं। उनका दावा है कि नया मोर्चा BJP के 2 से 3 प्रतिशत वोट काटेगा, समाजवादी पार्टी के नहीं। उन्होंने अपने मौजूदा गठबंधन का विस्तार करने से भी इनकार कर दिया है। वह चुटकी जरूर ले रहे हैं कि और ओवैसी के गठबंधन को कोई भाव नहीं दे रहे हैं। 

असदुद्दीन ओवैसी, चीफ, AIMIM:-
कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रही है। मुसलमान का इनको वोट चाहिए लेकिन मुसलमान को हक नहीं देना है। लेकिन अब समय बदल गया है।अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, अब्दुल अपना पॉलिटिकल हक लेगा। अब्दुल अपनी लीडरशिप तय करेगा अब्दुल लीडर बनेगा इसी इरादे के साथ में उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार कर रहा हूं।

क्या बिहार जैसा जादू चलेगा?

AIMIM ने 2020 और 2025 में बिहार में 5-5 विधानसभा सीटें जीतीं। ये सभी सीटें मुस्लिम आबादी वाले सीमांचल इलाके की थीं। उत्तर प्रदेश में पार्टी का रिकॉर्ड इससे अलग है। AIMIM ने 2017 में 38 और 2022 में 95 सीटों पर चुनाव लड़ा, पर एक भी नहीं जीत सकी। 

2022 में उसका वोट शेयर 1 प्रतिशत से कम रहा। 2023 के शहरी निकाय चुनाव में पार्टी ने पांच अध्यक्ष और करीब 75 पार्षद सीटें जीती थीं। प्रवीण कुमार इसे बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत नहीं मानते। राज्य की आबादी में मुस्लिम करीब 19 प्रतिशत हैं, लेकिन वे कई क्षेत्रों में बंटे हैं। ओवैसी का सीमांचल जैसा कोई गढ़ यहां नहीं है।

आजाद को ही CM उम्मीदवार बनाने की मजबूरी क्या है? 

चंद्रशेखर आजाद की तारीफ में असदुद्दीन ओवैसी कसीदे पढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि जब संसद में मुस्लिम विधायकों को नमाज नहीं पढ़ने दी जा रही थी, तब चंद्रशेखर आजाद ढाल बनकर खड़े हो गए थे। असदुद्दीन ओवैसी जुलाई से अखिलेश को गठबंधन के लिए साधने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि प्रस्ताव ठुकराने पर बाद में पछताना न पड़े।

समाजवादी पार्टी ने रुचि नहीं दिखाई तो उन्होंने BSP प्रमुख मायावती से बात की। वह कोशिश भी नाकाम रही। इसके बाद ओवैसी ने आजाद के साथ मोर्चा बनाया। गठबंधन बनाकर भी वह बहुजन विरासत को चंद्रशेखर आजाद के जरिए संभाल सकेंगे, इस पर शंका है।

मायावती भी राजनीतिक तौर पर सक्रिय हैं और उनके भतीजे आकाश आनंद अब अपने बुआ की राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं। ऐसे वक्त में आजाद दलित वोटरों को कितना खींच पाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। 

यह भी पढ़ें: BJP की हैट्रिक रोकने का लक्ष्य, चंद्रशेखर CM कैंडिडेट; UP में ओवैसी बनाया गठबंधन

मुस्लिमों का भरोसा, अखिलेश यादव पर है

उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाता आम तौर पर उस दल को चुनते हैं, जो BJP को हराने की स्थिति में दिखे। CSDS-लोकनीति के सर्वे के मुताबिक 2022 के विधानसभा चुनाव में करीब 79 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने SP के नेतृत्व वाले गठबंधन को वोट दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा 92 प्रतिशत रहा। इस चुनाव में SP-कांग्रेस गठबंधन ने 80 में से 43 सीटें जीतीं। इनमें अकेले SP की 37 सीटें थीं, जबकि BJP को 33 सीटें मिलीं।

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत जारी है और अभी अंतिम नहीं हुई है। अखिलेश साफ कर चुके हैं कि सीटें जीतने की संभावना के आधार पर बांटी जाएंगी। इन्हीं अटकलों को आधार बनाकर असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं कि समजवादी और कांग्रेस जैसी पार्टियां, मुस्लिमों को वोट बैंक से इतर नहीं समझती हैं। 

क्या यूपी की सियासत में दरी बिछा रहे मुसलमान?

403 सदस्यों की विधानसभा में मुस्लिम विधायकों की संख्या करीब 8.4 प्रतिशत है। सज़ा, अयोग्यता और उपचुनावों की वजह से यह संख्या 34 से घटकर 32 रह गई है। अब यूपी की सियासत में 7.9 प्रतिशत मुस्लिम विधायक रह गए हैं। 

उत्तर प्रदेश में साल 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के 29 मुसलमान प्रत्याशी जीते। कुल 34 मुस्लिम उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। साल 2017 की तुलना में यह आंकड़ा 10 ज्यादा है। सभी प्रत्याशी तब समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दलों के टिकट पर चुने गए। तब सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के साथ समाजवादी पार्टी का गठबंधन था, जो चुनाव के बाद टूट गया। 

भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने रामपुर के स्वार सीट से हैदर अली खान को उतारा था, लेकिन वह सपा के दिग्गज नेता अब्दुल्ला आजम से हार गए। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी कई मुस्लिम उम्मीदवार उतारे, लेकिन उनमें से कोई जीत नहीं सका।

यह भी पढ़ें: गठबंधन करके फिसड्डी ही रहे हैं ओवैसी, UP में नए एलान से पहले देखिए ट्रैक रिकॉर्ड

क्या सच में जीत दिला सकते हैं मुसलमान?

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सिर्फ मुस्लिम वोटों के सहारे विधानसभा चुनाव में जीतना मुश्किल है। आजाद समाज पार्टी और AIMIM दोनों का जनाधार इतना नहीं है कि ये दोनों दल अपने दम पर सत्ता में आ जाएं। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के यादव वोट बैंक और मुस्लिम-यादव गठजोड़ हर चुनाव में हिट साबित हुआ है। मुस्लिम मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए समाजवादी पार्टी पर ज्यादा भरोसा जताया। AIMIM का वोट शेयर सिर्फ 0.49 प्रतिशत रहा।

समाजवादी पार्टी के जीते हुए विधायक कौन हैं?

  • उमर अली खान, बेहट विधानसभा, सहारनपुर
  • आशु मलिक, सहारनपुर विधानसभा, सहारनपुर
  • नाहिद हसन, कैराना विधानसभा, शामली
  • तसलीम अहमद, नजीबाबाद विधानसभा, बिजनौर
  • कमाल अख्तर, कांठ विधानसभा, मुरादाबाद
  • नवाब जान, ठाकुरद्वारा विधानसभा, मुरादाबाद
  • मोहम्मद नासिर, मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा, मुरादाबाद
  • मोहम्मद फहीम इरफान, बिलारी विधानसभा, मुरादाबाद
  • इकबाल महमूद, संभल विधानसभा, संभल
  • मोहम्मद अब्दुल्ला आजम खान, स्वार विधानसभा, रामपुर
  • नसीर अहमद खान, चमरौआ विधानसभा, रामपुर
  • मोहम्मद आजम खान, रामपुर विधानसभा, रामपुर
  • महबूब अली, अमरोहा विधानसभा, अमरोहा
  • शाहिद मंजूर, किठौर विधानसभा, मेरठ
  • रफीक अंसारी, मेरठ विधानसभा, मेरठ
  • नादिरा सुल्तान, पटियाली विधानसभा, कासगंज
  • अताउर रहमान, बहेड़ी विधानसभा, बरेली
  • शाजिल इस्लाम अंसारी, भोजीपुरा विधानसभा, बरेली
  • अरमान खान, लखनऊ पश्चिम विधानसभा, लखनऊ
  • मोहम्मद ताहिर खान, इसौली विधानसभा, सुल्तानपुर
  • हाजी इरफान सोलंकी, सीसामऊ विधानसभा, कानपुर
  • मोहम्मद हसन रूमी, कानपुर कैंट विधानसभा, कानपुर
  • फरीद महफूज किदवई, रामनगर विधानसभा, बाराबंकी
  • मारिया शाह, मटेरा विधानसभा, बहराइच
  • सैयदा खातून, डुमरियागंज विधानसभा, सिद्धार्थनगर
  • नफीस अहमद, गोपालपुर विधानसभा, आजमगढ़
  • आलम बदी, निजामाबाद विधानसभा, आजमगढ़
  • जियाउद्दीन रिजवी, सिकंदरपुर विधानसभा, बलिया
  • सुहेब, मोहम्मदाबाद विधानसभा, गाजीपुर

राष्ट्रीय लोक दल में कितने मुसलमान विधायक? 

  • अशरफ अली खान, थाना भवन, शामली
  • गुलाम मोहम्मद, सिवालखास, मेरठ

अपना दल (सोनेलाल) में कितने मुसलमान विधायक? 

  • शफीक अहमद अंसारी, स्वार, रामपुर

SBSP के कितने मुसलमान विधायक? 

  • अब्बास अंसारी, मऊ, मऊ 

अगर चंद्रशेखर हिट हुए तो क्या हो सकता है?

मुस्लिम और दलित आबादी राज्य में करीब 40 प्रतिशत हैं। इसी वजह से गठबंधन कागज पर मजबूत दिखता है। यह मोर्चा कांटे की टक्कर वाली सीटों पर असर डाल सकता है। चंद्रशेखर आजाद का असर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में है। उनकी जनसभाओं में वह भीड़ इकट्ठा करने में सफल रहे हैं। असदुद्दीन ओवैसी भी इन्हीं जगहों पर मजबूत हैं। दोनों नेता चुनाव जीतने की उम्मीद में हैं।