पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी बदलने को लेकर चर्चाओं के बीत एक अहम बयान दिया है। उन्होंने द ट्रिब्यून को दिए एक इंटरव्यू में खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी में शामिल होने के करीब चार साल बाद भी उन्हें पार्टी में लगभग कुछ हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब से जुड़े मामलों में बीजेपी ने उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनका कांग्रेस में जाने का कोई प्लान नहीं है।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी पार्टी में शामिल होता है तो उसे उम्मीद होती है कि उससे सलाह ली जाएगी, खासकर तब जब उसने करीब छह दशक पंजाब की राजनीति को समझने में बिताए हों। उन्होंने कहा कि वह यह दावा नहीं करते कि पंजाब से जुड़े हर सवाल का उनके पास जवाब है, लेकिन वह राज्य को अच्छी तरह जानते हैं।
यह भी पढ़ें: विरोध में जीते फिर मिलाया हाथ, पाला बदलकर सत्ता पक्ष के साथ हुए 111 नेता
कांग्रेस के बारे में क्या बोले?
इंटरव्यू में कांग्रेस पार्टी का जिक्र आने पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'मुझे अब भी कांग्रेस से बहुत लगाव है। जब आप किसी के साथ पचास साल तक रहते हैं, तो वे आपके अपने ही हो जाते हैं। मैंने कभी पार्टी छोड़ने के लिए नहीं कहा बल्कि उन्होंने ही मुझे छोड़ने के लिए कहा था।' कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से बिखरी हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के जीतने की संभावनाएं कुछ लोग जता रहे हैं लेकिन मेरा अनुभव ऐसा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार की कोई विश्वसनीयता नहीं बची है।
राहुल गांधी पर क्या बोले?
राहुल गांधी ने हाल ही में अपनी एक वीडियो में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा राजनेता बताया था। इसके साथ ही उन्हें अमरिंदर अंकल भी कहा था। कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे प्रियंका और राहुल, दोनों ही बहुत पसंद हैं। उनके पिता और मैं स्कूल में क्लासमेट थे। हम एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं और हमारे बीच बहुत अच्छी दोस्ती रही है। मुझे सोनिया जी भी बहुत पसंद हैं। पिछले चार सालों में पीठ की सर्जरी की वजह से मैं ज्यादा दिल्ली नहीं जा पाया, लेकिन मैंने पहले भी कहा है कि राजनीति अपनी जगह है और निजी रिश्ते अलग होते हैं।'
यह भी पढ़ें: 17 करोड़ जाली करेंसी का पाकिस्तानी कनेक्शन, 3 आरोपी रिमांड पर भेजे गए
कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोले?
पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा चल रही थी। इस सवाल का जवाब अब कैप्टन ने खुद दिया है। उन्होंने कहा, 'मैंने अब तक राजनीति के उतार-चढ़ाव बहुत देखे हैं और मैंने कभी खुद से हटने के लिए नहीं कहा था। उन्हें लगा कि ऐसा करना ही बेहतर है और मैंने उनसे कभी पूछा भी नहीं कि क्यों। मैं बस चला आया। मुझे लगता है कि उन्हें यह फैसला लेने का हक था। यह कहानी का एक पहलू है लेकिन निजी रिश्ते दूसरा पहलू हैं।'
कैप्टन ने साफ किया कि वह कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे। कैप्टन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह शिरोमणि अकाली दल में शामिल नहीं हो सकते और कांग्रेस उन्हें फिर से वापिस पार्टी में लेगी नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी ही कलह में उलझी हुई है। 2027 चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं।
