कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब इन दिनों खूब चर्चा में है। राजनीतिक गलियारों में हर कोई इस किताब की चर्चा कर रहा है और सोमवार को पूरे देश की नजर इस किताब के आधिकारिक विमोचन कार्यक्रम पर थी। सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत विपक्ष के तमाम दिग्गज नेता नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित आईटीसी मौर्य होटल में किताब के विमोचन के लिए जुटे लेकिन विपक्षी नेताओं के इस जुटान में बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल थे। वह एकमात्र बीजेपी के नेता थे जो इस कार्यक्रम में शामिल हुए। राहुल गांधी ने मंच से उनसे जुड़ा एक किस्सा भी शेयर किया। 

 

राहुल गांधी ने कहा, 'देखिए, अमरिंदर सिंह यहां मौजूद हैं। आप मेरी बात पर यकीन नहीं करेंगे, लेकिन आप मेरी बहन से भी पूछ सकते हैं। हमने पापा और मम्मा को बहस करते तो देखा था, लेकिन उन्हें झगड़ते सिर्फ एक बार देखा। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाहती थीं। वह अपनी बात बार-बार दोहरा रही थीं। राजीव गांधी तनाव में थे। इसी वजह से उन्हें गुस्सा आ गया।' कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी और राहुल का उनसे जुड़ा किस्सा सुनाना चर्चा का विषय बन गया। 

 

यह भी पढ़ें: अब 60 नहीं 45 दिन पहले ही करवा पाएंगे टिकट! रेलवे कर रहा बदलाव की तैयारी

 

कैप्टन ने याद किए रिश्ते

इस कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी इतनी ज्यादा चर्चित इसलिए भी रही क्योंकि वह बीजेपी से असंतुष्ट बताए जा रहे है और उनकी घर वापसी के कयास लग रहे हैं। हालांकि, इस कार्यक्रम के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया कि उनका कांग्रेस में शामिल होने का कोई प्लान नहीं है। उन्होंने गांधी परिवार के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद किया। उन्होंने कहा कि वह राजीव गांधी के क्लासमेट रह चुके हैं और उनके सहयोगी भी। उन्होंने गांधी परिवार के साथ अपने रिश्तों को याद किया। 

राहुल के साथ पहला टकराव

कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता रहे लेकिन 2021 के अंत तक उनका पार्टी से रिश्ता खराब हो गया। 2017 में 10 साल बाद कांग्रेस पार्टी ने पंजाब में वापसी की थी। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह को दूसरी बार कांग्रेस ने सीएम बनाया लेकिन इसके पीछे की राजनीति काफी अहम है। कैप्टन अमरिंदर सिंह उस समय कांग्रेस आलाकमान की नेचुरल पसंद नहीं थे और उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रताप सिंह बाजवा को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटवाने के लिए लंबा संघर्ष किया था। आखिरकार राहुल गांधी को उनके आगे झुकना पड़ा था और कैप्टन अमरिंदर सिंह को अध्यक्ष बनाया गया था। 

 

यह भी पढ़ें: 'मोदी सख्त इंसान हैं...', PM के सामने फिर क्यों बोल गए ट्रंप?

कैप्टन के आगे झुके राहुल

अमरिंदर सिंह को लग रहा था कि पंजाब में उनकी लोकप्रियता और राजनीतिक अनुभव के बावजूद कांग्रेस हाईकमान उन्हें पर्याप्त स्वतंत्रता नहीं दे रहा है। उस समय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी का नाम चर्चा में था और वह कांग्रेस पार्टी से जुड़े अहम फैसले ले रहे थे। जनवरी 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आ गए थे और कैप्टन अमरिंदर सिंह उन्हें सीएम फेस घोषित किए जाने पर अड़े हुए थे। नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में आने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद के दावेदार होने की चर्चाएं भी थीं और वह कांग्रेस आलाकमान के करीब बताए जाते थे। 

 

कैप्टन अमरिंदर सिंह खुले तौर पर 2017 के चुनाव से पहले खुद को सीएम फेस घोषित करने की मांग करने लगे थे। आखिरकार 28 जनवरी 2017 को राहुल गांधी ने मजीठा की चुनावी रैली में सार्वजनिक रूप से अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया। यह अमरिंदर सिंह के लिए बड़ी जीत थी। जिस नेतृत्व को लेकर उनका राहुल गांधी से टकराव हुआ था, उसी राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से उनकी मुख्यमंत्री पद की दावेदारी स्वीकार की। 

2021 तक बदले हालात

कैप्टन अमरिंदर सिंह को कांग्रेस ने सीएम तो बना दिया लेकिन उनके सहयोगी नवजोत सिंह सिद्धू ने कुछ महीनों बाद ही उनके खिलाफ बोलना शुरू कर दिया। नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट से भी इस्तीफा दे दिया और कैप्टन सरकार पर कई तरह के आरोप लगाते रहे। इस बीच कांग्रेस आलाकमान की ओर से उन्हें नहीं रोका गया और कैप्टन खेमे के नेताओं में इसको लेकर नाराजगी थी। मामला बढ़ते-बढ़ते इनता बढ़ गया कि आलाकमान को दखल देना पड़ा। आलाकमान ने नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी अध्यक्ष बनाकर मामला सुलझाने की कोशिश की लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। कैप्टन का कांग्रेस में विरोध होने लगा और आखिरकार सोनिया गांधी ने उन्हें फोन कर सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए कह दिया। 

 

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद इस बात का खुलासा किया कि सोनिया गांधी के कहने पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इसके बाद उनकी सोनिया गांधी से बात नहीं हुई। उनकी जगह राहुल गांधी की पसंद के चरनजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया। इसके कुछ दिनों बाद कैप्टन ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपनी अलग पार्टी बनाई। हाालंकि, इन चुनावों में कांग्रेस और कैप्टन दोनों को भारी नुकसान हुआ और कैप्टन की पार्टी एक सीट पर भी चुनाव नहीं जीत पाई। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर लिया। 

 

यह भी पढ़ें: मंत्रालय नहीं मिला तो विधानसभा में 'कुल्लू' राग क्यों छेड़ रहे सुंदर ठाकुर?

घर वापसी की अटकलें

कैप्टन अमरिंदर सिंह खुलकर बीजेपी से नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। इंटरव्यू में वह गांधी परिवार के साथ अपने संबंधों के बारे में बता चुके हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने बीजेपी में उन्हें अपना पसंदीदा नेता बताया था और उन्हें अमरिंदर अंक्ल कहकर संबोधित किया था। इसके बाद से अटकलें लगने लगी की कैप्टन घर वापसी कर सकते हैं। अब वह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे तो इन अटकलों को और ज्यादा हवा मिली।