उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। संसद सत्र के दौरान अखिलेश यादव को अपना 'मित्र' बताने वाले पीएम मोदी के लिए अखिलेश ने कहा है कि उन्हें ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है। मंगलवार को इसी बारे में सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ही पूछा जाए कि मैंने उन्हें किस तरह की मदद दी। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि हार के डर से बीजेपी कोई भी हद पार कर सकती है। 

 

इससे पहले, संसद के विशेष सत्र के दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव की एक टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अखिलेश यादव को अपना मित्र बताते हुए कहा था, 'अखिलेश जी मेरे मित्र हैं तो कभी-कभी मेरी मदद कर देते हैं।' प्रधानमंत्री मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह टिप्पणी तब की जब उन्होंने सपा सांसद धर्मेंद्र को यह उल्लेख करने के लिए धन्यवाद दिया कि वह ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय से हैं और सभी के हितों की देखभाल करना उनका कर्तव्य है। 

 

यह भी पढ़ें: 'मोदी तो आतंकवादी है', खरगे के बयान पर मचा बवाल तो सफाई में क्या कहा?

'ऐसी कोई बात नहीं हुई'

 

अब जब अखिलेश यादव से पीएम मोदी की इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए सवाल पूछा गया तो उन्होंने प्रधानमंत्री के इस दावे के आधार पर सवाल उठाया। अखिलेश यादव ने कहा, 'हां, यह बहुत ही अहम सवाल है लेकिन (सदन में) हमारा माइक बंद कर दिया गया था। हमने कहा है कि हमें ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है।' उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री ही यह साफ कर सकते हैं कि वह किस तरह की मदद का ज़िक्र कर रहे थे।

 

कन्नौज से लोकसभा के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, 'जहां तक मदद के दावे का सवाल है, अगर आप प्रधानमंत्री से पूछें कि मैंने उन्हें क्या मदद दी है तो उसका जवाब केवल वही दे सकते हैं। मेरी जानकारी के मुताबिक, ऐसी कोई बात नहीं हुई है।' उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी और आरोप लगाया कि हार के डर से बीजेपी कोई भी हद पार कर सकती है।

 

यह भी पढ़ें: नेपाल में अब बालेन के खिलाफ जनता, भारत से जुड़ा 100 रुपये का नियम बना फांस

 

मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी को जमकर आड़े हाथ लिया और कहा कि आने वाले चुनाव में बीजेपी को यूपी में करारी हार मिलेगी। अखिलेश ने कहा, 'हम समाजवादी लोग हमेशा महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में रहे हैं। अगर कोई आरक्षण को रोकना चाहता है तो वह भारतीय जनता पार्टी है, उसकी बदनीयत को हम लोग कामयाब नहीं होने देंगे।'