पूर्व CBI निदेशक एम नागेश्वर राव ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने का एलान किया है। उन्होंने काशी से सर्वजन सनातन पार्टी (SSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपनी नई भूमिका का एलान किया है। एम नागेश्वर राव ने कहा कि सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासन के क्षेत्र में उन्हें करीब चार दशक का अनुभव है।

एम नागेश्वर राव के मुताबिक भारत का पुनर्निर्माण सिर्फ प्रशासनिक सुधारों तक सीमित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि देश को अपनी सभ्यतागत जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिक विकास की ओर बढ़ना होगा। उन्होंने बताया है कि उनकी पार्टी, आधुनिक भारत और सनातन सभ्यता की जड़ों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें: 'UP पुलिस को भंग कर सभी जांच CBI को दे दिया जाए', SC ने ऐसा क्यों कहा?

 

नागेश्वर राव ने कहा है कि पार्टी की सोच में सनातन सिर्फ पूजा की पद्धति नहीं है। यह सत्य, धर्म, कर्तव्य, करुणा, न्याय, आत्मसंयम, प्रकृति, परिवार, समाज और जनकल्याण पर आधारित जीवन दृष्टि है। उन्होंने कहा कि सनातन को केवल चुनावी प्रतीक के रूप में नहीं देखना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शासन, संस्कृति और सामाजिक जीवन में भी इसके मूल्य दिखने चाहिए।

सर्वजन सनातन पार्टी का एजेंडा क्या?

  • पार्टी की सोच चार स्तंभों पर आधारित है। पहला स्तंभ शिक्षा है, जिसमें आधुनिक और वैश्विक स्तर की पढ़ाई के साथ भारतीय सभ्यता, इतिहास और ज्ञान परंपराओं से जुड़ाव की बात कही गई है।'

  • दूसरा स्तंभ स्वास्थ्य है। इसमें सभी के लिए अच्छी और सुलभ स्वास्थ्य सेवा का वादा है, जिसमें आधुनिक चिकित्सा और भारतीय स्वास्थ्य परंपराओं का ज्ञान साथ लाया जाएगा।

  • तीसरा स्तंभ आजीविका है। पार्टी युवाओं, किसानों, कारीगरों, मजदूरों, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों के लिए सम्मानजनक रोजगार और अवसरों की बात करती है।

  • चौथा स्तंभ सभ्यतागत जुड़ाव है। इसमें भारत की भाषाओं, कलाओं, मंदिरों, तीर्थ स्थलों, त्योहारों, ज्ञान परंपराओं, परिवार और सांस्कृतिक संस्थाओं को देश की ताकत के रूप में देखा गया है।

यह भी पढ़ें: महादेव ऐप का मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार दुबई से आते ही गिरफ्तार, CBI ने दबोचा

कैसी राजनीति करेंगे नागेश्वर राव?

नागेश्वर राव ने कहा है कि उनका मकसद मकसद अतीत में लौटना नहीं है। वह ऐसा आधुनिक भारत बनाना चाहते हैं जो तकनीक और अर्थव्यवस्था में आगे हो, लेकिन अपनी सांस्कृतिक पहचान से कटा न हो। उन्होंने मंदिरों और तीर्थ स्थलों को केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की जीवंत संस्थाओं के रूप में बचाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इनमें सम्मान, पारदर्शिता और सार्थक सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा मिलना चाहिए।

कैसे काम करेगी पार्टी?

एम नागेश्वर राव ने यह भी साफ किया कि सनातन किसी के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद किसी जाति या समुदाय का विरोध करना नहीं है। वह सामाजिक बंटवारे के बजाय सबके लिए काम करना चाहती है। काशी को नई राजनीतिक पारी की शुरुआत बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य आधुनिकता और सभ्यतागत जड़ों के बीच संतुलन बनाना होना चाहिए।

पार्टी के कार्यकारिणी में शामिल नेता कौन हैं?

सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत तीर्थानंद हैं, उपाध्यक्ष ऋतु राठौड़, महासचिव राजा सक्षम सिंह योगी, प्रवक्ता बबीता शर्मा, उत्तर प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी और संगठन मंत्री नरनारायण सिंह हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम नागेश्वर राव ही हैं।