भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता हृदय नारायण दीक्षित ने कहा है कि अब 75 साल की उम्र वाले फॉर्मूले पर चर्चा नहीं होती। एक इंटरव्यू में उन्होंने दुख जताए हुए कहा कि उन्हें टिकट नहीं मिला, यह पार्टी का अपना फैसला था। उस समय वह 75 साल पूरे कर रहे थे। अभी उनकी उम्र 79 साल है।
हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि बाद में 75 वाला फॉर्मूला कहां गया, उन्हें नहीं मालूम। जब उनसे पूछा गया कि यह फॉर्मूला उन्हीं पर लागू होता है जिन्हें कुछ देना नहीं होता तो उन्होंने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह फॉर्मूला किसी विशेष परिस्थिति में आया होगा, जिसे वह नहीं जानते।
यह भी पढ़ें: 'AAP बीजेपी की बी टीम है', संगरूर में भड़के मल्लिकार्जुन खरगे
हृदय नारायण दीक्षित, वरीष्ठ नेता:-
मुझे जो टिकट नहीं मिला, ये पार्टी का अपना निर्णय था और संभवतः मैं 75 पूरा कर रहा था। बाद में 75 वाला फ़ॉर्मूला कहां गया, मुझे मालूम नहीं।
खाली रखे जाने पर छलका दर्द
भारतीय जनता पार्टी ने हृदय नारायण दीक्षित को किसी अहम पद पर नहीं रखा है। उन्होंने कहा कि उनके मामले में विकल्प दिया जाना चाहिए था। उनके मुताबिक अगर संस्था किसी को एक सीट पर नहीं रखना चाहती, तो उसे दूसरा या तीसरा काम दे सकती है। उन्होंने कहा कि उनके केस में उन्हें खाली रखा गया।
पत्रकार ने कहा कि यह भी कहा गया कि लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के समय से यह फॉर्मूला कुछ लोगों पर लागू हुआ। फिर बीच में इस पर चुप्पी रही, जबकि 75 साल से ज्यादा उम्र के कई नेता हैं। इस पर हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि बात तो हो रही है, हम और आप कर रहे हैं।
'पद मिलता तो ठीक हो जाता दर्द'
उनसे सवाल किया गया कि क्या वह भी मानते हैं कि पद मिलने पर बीमार व्यक्ति ठीक हो जाता है। हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि यह डॉ. केके. अग्रवाल का शोध था, जिनका निधन हो चुका है। उनके मुताबिक अग्रवाल ने नरसिम्हा राव का उदाहरण दिया था कि पद मिलने पर वह पूरी तरह स्वस्थ हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि स्वास्थ्य ठीक करने के लिए ही उन्हें पद की जरूरत हो।
हृदय नारायण दीक्षित, वरीष्ठ नेता:-
डॉ. केके अग्रवाल थे जिनका निधन हो चुका है दिल्ली में, उन्होंने एक शोध किया था। उन्होंने कई एग्जांपल दिए थे जिसमें नरसिम्हा राव जी का भी एग्जांपल था कि जब उनको पद मिला तो वह एकदम स्वस्थ हो गए थे। तो अगर मैं बहुत अपने को वीतरागी कहूं और संन्यासी भी कह लूं, तो कह सकता हूं, लेकिन हो सकता है कि स्वास्थ्य ठीक करने के लिए ही मुझे पद की आवश्यकता हो और मुझे पद चाहिए।
यह भी पढ़ें: UP में बीजेपी के लिए 10 सीटें बनीं चुनौती, विपक्ष के किलों में कैसे लगाएगी सेंध?
BJP में 75+ का फॉर्मूला क्या है?
भारतीय जनता पार्टी में 75+ फॉर्मूला एक अघोषित और आंतरिक नीति रही है, जिसके तहत 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नेताओं को सक्रिय प्रशासनिक और चुनावी पदों से बाहर रखा जाता है। उन्हें केंद्रीय और राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद या चुनाव टिकट नहीं दिया जाता है। उन्हें 'मार्गदर्शक' की भूमिका, संगठन या राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों पर भेज दिया जाता है।
कई नेता अपवाद भी हैं, जिन्हें न संवैधानिक पद मिला, न पद, कई नेता ऐसे हैं जो 75 पार करने के बाद भी पद और संगठन में सक्रिय हैं। साल 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और सुमित्रा महाजन जैसे कई वरिष्ठ नेताओं पर इस व्यवस्था के तहत बाहर रखा गया।
क्या पार्टी के संविधान में भी ऐसा ही है?
भारतीय जनता पार्टी के संविधान में इसका कोई लिखित आधिकारिक प्रावधान नहीं है। राजनीतिक जरूरतों और शीर्ष नेतृत्व के निर्णय के आधार पर इसमें अपवाद व छूट भी देखने को मिलती रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उम्र 75 साल से ज्यादा हो गई है।
यह भी पढ़ें: 'अराजकता की आग फैलाने में लगी कांग्रेस', राहुल गांधी पर बरसी बीजेपी
कौन हैं हृदय नारायण दीक्षित?
हृदय नारायण दीक्षित बीजेपी के दिग्गज नेता, चर्चित लेखक, स्तंभकार और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हैं। उन्नाव से ताल्लुक रखने वाले हृदय नारायण दीक्षित 5 बार विधानसभा सदस्य और विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने राज्य सरकार में पंचायती राज और संसदीय कार्य मंत्री का कार्यभार भी संभाला है।
साल 2017 से 2022 तक वह 17वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे। सक्रिय राजनीति के साथ-साथ वह भारतीय दर्शन, संस्कृति, वेदों और राजनीति पर किताबें लिख चुके हैं। वह साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। पद्म पुरस्कार भी उन्हें मिल चुके हैं।
