आज 13 नवंबर से छठ पर्व की शुरुआत हो चुकी है। इस दिन को नहाय-खाय के नाम से जाना जाता है। नहाय-खाय पर सभी भक्त सात्विक भोजन खाते हैं, जिसमें खास तौर पर लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल खाया जाता है। इसी दिन से सभी भक्त सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर व्रत का संकल्प लेते हैं। धार्मिक जानकारों के मुताबिक, जो भक्त सभी नियमों का पालन करते हुए छठ व्रत रखते हैं, उन लोगों की सभी मनोकामनाएं छठी मैया की कृपा से पूरी होती हैं।

 

छठ महापर्व बिहार और झारखंड में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह पर्व पूरे चार दिन तक चलता है। इस साल 13 नवंबर से यह पर्व शुरू होगा और 16 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। इस साल 13 नवंबर को नहाय-खाय है और 14 नवंबर को खरना होगा। इसके बाद 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को सभी भक्त उगते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देंगे। इसी अर्घ्य के बाद भक्त व्रत का पारण करेंगे। अब सवाल उठता है कि नहाय-खाय के दिन लोगों को क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं।

 

यह भी पढ़ें: कब मनाएं छठ पूजा पर्व? नहाय-खाय से लेकर ऊषा अर्घ्य की तारीख और महत्व जानिए

नहाय-खाय पर क्या करें?

इस दिन व्रत रखने वाली सभी महिलाओं और पुरुषों को सुबह उठना चाहिए। उसके बाद स्नान करना चाहिए। अगर आपके घर के आसपास नदी है, तो वहां जाकर स्नान करें, वरना घर पर ही स्नान कर सकते हैं। उसके बाद साफ कपड़े पहनकर सभी भक्तों को सूर्य देव के समक्ष जल अर्पित करना चाहिए और फिर व्रत का संकल्प लेना चाहिए।

 

इसके साथ ही घर पर पूजा करें। उसके बाद लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाएं। भोजन बन जाने के बाद सबसे पहले व्रत रखने वाले व्यक्ति को भोजन करना चाहिए। उसके बाद ही परिवार के बाकी सदस्य भोजन करें। इस दिन व्रत रखने वाले व्यक्ति पूरे दिन में एक ही बार भोजन कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: छठ महापर्व के पहले दिन इन राशियों की बदलेगी किस्मत, आज का राशिफल जानिए

किन नियमों का रखें ध्यान?

मिट्टी के चूल्हे पर बनाएं खाना: नहाय-खाय पर भोजन बनाते समय भक्तों को साफ-सफाई का खास ख्याल रखना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भक्तों को इस दिन मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना चाहिए। हालांकि, लोग गैस के चूल्हे पर भी खाना बना सकते हैं।

 

सात्विक भोजन ही खाएं: धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन व्रत रखने वाले सभी लोगों को लौकी की सब्जी, दाल और चावल ही खाना चाहिए। इसके अलावा अन्य सात्विक आहार खाने से बचना चाहिए।

व्रत का संकल्प लें: इस दिन सूर्य देव को जल चढ़ाने के बाद भक्तों को व्रत का संकल्प लेना चाहिए, वरना व्रत अधूरा माना जाता है।

 

तामसिक खाना न खाएं: 13 नवंबर से लेकर 16 नवंबर तक सभी भक्तों को तामसिक खाने से बचना चाहिए। जिन लोगों ने यह व्रत नहीं रखा है, उन्हें भी छठ महापर्व के दौरान मांस-मछली, प्याज और लहसुन नहीं खाना चाहिए।

 

नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।