हिंदू धर्म में कार्तिक महीने को बेहद खास माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस महीने जो व्यक्ति गंगा स्नान और दीपदान करता है, वह अपने पापों से मुक्ति पा सकता है। इसी वजह से इस महीने में लोग खास तौर पर गंगा स्नान और दीपदान की रस्में निभाते हैं। इसके साथ ही, कार्तिक महीने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गढ़मुक्तेश्वर मेला लगता है, जो उत्सव मनाने के लिए ही खास नहीं माना जाता है, बल्कि इस मेले का जुड़ाव महाभारत से भी है।
यह मेला उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा किनारे गढ़मुक्तेश्वर में लगाया जाता है। इस साल यह मेला 17 से लेकर 26 नवंबर तक होगा। हर दिन देशभर से कई श्रद्धालु यहां आते हैं। लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए मेले में 26 थाने और 5 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। अब सवाल उठता है कि इस मेले का जुड़ाव हजारों साल पुराने महाभारत से कैसे है। आइए जानते हैं।
यह भी पढ़ें: भगवान अयप्पा के अलावा किन देवी-देवताओं की साधना में जरूरी है कठोर ब्रह्मचर्य?
गढ़मुक्तेश्वर मेले का महाभारत से जुड़ाव
धार्मिक कथाओं के मुताबिक, जब पांडवों ने कौरवों को हराकर विजय प्राप्त की, तो सभी पांडव बेहद दुखी थे, क्योंकि पांचों भाइयों ने कई लोगों का वध किया था। इसलिए पांडव भगवान कृष्ण के पास गए और पापों से मुक्ति पाने का रास्ता पूछा।
इसके बाद कृष्ण ने पांडवों को निर्देश दिया कि वे कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करें। साथ ही, कौरवों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण करें, तो उन्हें पापों से मुक्ति मिलेगी। इस वजह से पांडवों ने कार्तिक स्नान किया। इसके अलावा, माना जाता है कि भगवान कृष्ण ने भी गंगा किनारे कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान किया था। इसी खुशी में गंगा किनारे मैदान पर मेला लगाने की परंपरा शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें: जन्म और मृत्यु के अलावा जन्म से पहले और क्या तय होता है? गरुड़ पुराण से जानिए
गढ़मुक्तेश्वर मेले में क्या होता है खास?
गढ़मुक्तेश्वर मेले में कई झूले और अलग-अलग प्रकार के खेल देखने को मिलते हैं। जहां एक तरफ लोकगीत और घर जैसे खाने के स्टॉल लगे होते हैं, वहीं दूसरी तरफ यहां कबड्डी के मुकाबले, कुश्ती, ऊंची और लंबी कूद जैसे पारंपरिक खेल देखने को मिलते हैं। इस मेले की सबसे बड़ी खूबी लोकगीत और लोक परंपरा है।
इसी लोक संस्कृति को देखने के लिए कई लोग यहां आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के बाद लाखों लोग इस मेले में घूमने आने वाले हैं। इस मेले में आने वाले लोगों से उत्तर प्रदेश सरकार ने अपील की है कि सभी लोग मेले में गंदगी न फैलाएं।
नोट: यह लेख में बताई गई कहानी धार्मिक कथा पर आधारित है।
