पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बार फिर कप्तानी में बदलाव करने का फैसला किया है। इस बार टेस्ट टीम की कप्तानी में फेरबदल हुआ है। शान मसूद को बर्खास्त कर बाबर आजम को कमान सौंपी गई है। दिलचस्प बात है कि दो साल पहले बाबर को कप्तानी से हटाकर मसूद को टीम की बागडोर सौंपी गई थी। अब इस फैसले को पलट दिया दिया गया है। मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उसे 12 में हार झेलनी पड़ी। 

 

मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान को पहली सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया था। इसके बाद उसका प्रदर्शन लगातार खराब रहा और उसे पहली बार बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज में हराया। बांग्लादेश से पाकिस्तान को यह शर्मनाक हार घरेलू सरजमीं पर मिली थी। मसूद के कप्तान रहते हुए पाकिस्तान ने एकमात्र सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ घर में 2-1 से जीती थी। पाकिस्तान पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल के पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायादन पर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: आधी-अधूरी तैयारी, टीम में जगह भी नहीं... रवि बिश्नोई का सेलेक्शन ही क्यों?

ऐसा है बाबर की कप्तानी का रिकॉर्ड

बाबर ने 20 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान की बागडोर संभाली है, जिसमें उन्होंने 10 मैचों में जीत दिलाई है। बाबर की कप्तानी में पाक टीम ने 6 मुकाबले गंवाए, जबकि उसने 4 मैच ड्रॉ खेले। बाबर के कप्तान बनने के बाद पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को अपने घर में 2-0 से हराया था। इसके बाद उसने बांग्लादेश और श्रीलंका में जाकर क्लीन स्वीप किया। हालांकि बाबर का फॉर्म गिरने के बाद टीम को करारी हार भी झेलनी पड़ी, जिसमें इंग्लैंड के हाथों घरेलू सीरीज में मिली 3-0 की करारी हार भी शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: दूसरे टी20 में जीत रही थी टीम इंडिया, एक ओवर में कैसे पलट गया पासा?

वेस्टइंडीज-इंग्लैंड में बाबर का टेस्ट

बाबर की टेस्ट कप्तानी के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत इस महीने के अंत में वेस्टइंडीज में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से होगी। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड में 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इन दोनों दौरों के लिए पाक टीम में कुछ बड़े बदलाव भी हुए हैं। स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, हसन अली और नोमान अली को ड्रॉप कर दिया गया है। टेस्ट की कप्तानी गंवाने वाले मसूद टीम में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे हैं।

 

मोहम्मद अली और आमिर जमाल की 16 सदस्यीय स्क्वॉड में वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज उबैद शाह के साथ-साथ बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान और अवैस जफर को पहली बार नेशनल टीम का बुलाया आया है। फिटनेस की दिक्कतों के कारण सऊद शकील वेस्टइंडीज नहीं जाएंगे लेकिन अगर वह रिकवर हो जाते हैं उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया जाएगा।

 

पाकिस्तान की टीम इस प्रकार है: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अज़ान अवैस, इमामुल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, अवैस जफर, गाजी गोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।