5 लाख की आबादी वाले केप वर्डे ने इतिहास रच दिया है। उसने FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली है। केप वर्डे ने अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार (26 जून) को सऊदी अरब के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला और वह फुटबॉल वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश बन गया। केप वर्डे ने ग्रुप-H में अपने तीनों मैच ड्रॉ कराए, जिससे वह स्पेन के बाद दूसरे स्थान पर रहकर आगे बढ़ने में सफल रहा। इस ग्रुप में उरुग्वे और सऊदी अरब दो-दो अंक ही हासिल कर पाए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित छोटा द्विपीय देश केप वर्डे फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर पहली बार खेल रहा है। उसने अपने पहले मैच में 2010 के चैंपियन स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोका था और फिर उरुग्वे के खिलाफ पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच 2-2 से बराबर किया। केप वर्डे के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। वह 'राउंड ऑफ 32' में तीन जुलाई को मियामी में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना करेगा।
वर्ल्ड कप में तीनों ग्रुप मैचों में ड्रॉ होने से अगले दौर में पहुंचने की गारंटी नहीं मिलती लेकिन अतीत में कई टीमों ने ऐसा किया है, जिनमें 1958 में वेल्स, 1990 में आयरलैंड और नीदरलैंड्स तथा 1998 में चिली शामिल है। न्यूजीलैंड ने भी 2010 वर्ल्ड कप में तीनों मैच ड्रॉ खेले थे लेकिन वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया था।
यह भी पढ़ें: आयरलैंड ने भारत को 34 रन से रौंद दिया, 9 मैच में पहली जीत हासिल की
वोजिन्हा ने फिर किया कमाल
केप वर्डे ने यह कारनामा 40 साल के गोलकीपर वोजिन्हा के फिर से शानदार खेल की बदौलत किया, जिनके टूर्नामेंट में सफलता से इंस्टाग्राम पर एक करोड़ 60 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं। पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में उन्होंने मोहम्मद कन्नो के हेडर को रोककर सऊदी अरब को बढ़त हासिल नहीं करने दी। इसके बाद 66वें मिनट में उन्होंने मोहम्मद अबू अल शमत के शॉट को भी शानदार तरीके से रोका। उन्होंने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में अब्दुल्ला अल हमदान के शॉट को भी गोल में जाने से रोका, जिससे केप वर्डे ने अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया।
यह भी पढ़ें: न रन बन रहे, न हो रही गेंदबाजी, टीम पर बोझ कैसे बन गई हैं हरमनप्रीत?
उरुग्वे ग्रुप स्टेज से बाहर
स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज में प्रवेश किया और दक्षिण अमेरिका की दिग्गज टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। दो बार की चैंपियन उरुग्वे की टीम ग्रुप-H में एक भी मैच नहीं जीत सकी। यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने सात अंकों के साथ ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया और अगले दौर में उसका सामना गुरुवार को कैलिफोर्निया के इंगलवुड में ग्रुप- J से दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम (ऑस्ट्रिया या अल्जीरिया) से होगा।
स्पेन के लिए एलेक्स बाएना ने 42वें मिनट में गोल दागा। उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा पेनल्टी एरिया के अंदर से लगाए गए बाएना के शॉट को रोकने में नाकाम रहे, जबकि यह मुश्किल नहीं लग रहा था। 40 साल के मुसलेरा की यह टूर्नामेंट में तीसरी गलती थी, जिसके बाद कोच मार्सेलो बिएल्सा ने उन्हें हाफ टाइम में ही बाहर कर दिया। FIFA रैंकिंग में 19वें स्थान पर काबिज उरुग्वे अब तक टूर्नामेंट से बाहर होने वाली सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम है।


