महेंद्र सिंह धोनी अगला आईपीएल खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर सोशल मीडिया पर हमेशा चर्चा होती रहती है। अब माही ने खुद इस पर अपडेट दिया है। बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने भविष्य के प्लान के बारे में बताया। धोनी ने कहा कि वह दिसंबर से पहले अपनी फिटनेस का आकलन करेंगे। इसके लिए उन्हें पहले एक टेस्ट से गुजरना होगा।

 

टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही वह बता पाएंगे कि अगले सीजन में खेल सकेंगे या नहीं। धोनी पिछले आईपीएल सीजन में पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव (काफ स्ट्रेन) की वजह से परेशान थे। हालांकि इस बार फैंस को उम्मीद है कि माही फिर से पीली जर्सी में खेलते नजर आएं।

 

पिछले आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही थी। सीएसके ने 14 मैच खेले थे, जिनमें उसे आठ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और पूरी येलो आर्मी को मैदान पर माही की कमी खली थी। धोनी ने कार्यक्रम के दौरान टीम के प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कागज पर टीम का मजबूत होना मायने नहीं रखता, बल्कि सबसे जरूरी यह है कि खिलाड़ी मैच के दिन कैसा प्रदर्शन करते हैं।

 

 

अगले आईपीएल में खेलेंगे माही?

बेंगलुरु में अपने भविष्य को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, ‘मुझे एक टेस्ट से गुजरना होगा। आपको मुझे रिपोर्ट देनी होगी और दिसंबर से पहले मुझे आकलन करना होगा कि मैं कितना फिट हूं और क्या एक और सीजन खेल सकता हूं। अगर मैं पर्याप्त फिट नहीं हुआ तो आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि इस पुरानी विंटेज गाड़ी को सड़क पर सुचारू रूप से चलाने के लिए सब कुछ सही किया जाए।’

 

यह भी पढ़ें: वाराणसी में आज वायुसेना का एयर शो, पीएम मोदी और राजनाथ सिंह होंगे शामिल

 

पिछले कुछ सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) ने चेन्नई सुपर किंग्स को कई करीबी मुकाबलों में हराया है। जब धोनी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘आरसीबी हमारे खिलाफ लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही है। उम्मीद है कि हम चोटों से बचे रहेंगे और मुकाबले करीबी व रोमांचक होंगे।’

 

यह भी पढ़ें: मंदिर में मिला सिर, घर में धड़; छोटे भाई की हत्या के आरोप में बड़ा भाई गिरफ्तार

खराब प्रदर्शन पर भी माही की राय

महेंद्र सिंह धोनी ने टीम के खराब प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ‘मेरा हमेशा से मानना रहा है कि कागज पर आपकी टीम कितनी अच्छी है, यह बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता। सबसे जरूरी यह है कि आप उस खास दिन कैसा प्रदर्शन करते हैं। टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में शीर्ष टीमों के बीच अंतर बहुत कम होता है। पिछले दो साल में हमने संघर्ष किया है और यह एक सच्चाई है, जिससे बचने का कोई मतलब नहीं है।’