भारतीय क्रिकेट टीम इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। 13 सितंबर को इस सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की अगुवाई में गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अफगानी टीम को 156 रन पर ही रोक दिया। इसके बाद अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजा।
बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 32 गेंद में 7 चौके और 7 छक्के की मदद से 82 रन ठोक दिए, जिससे भारत ने 38 गेंद शेष रहते आसानी से टारगेट हासिल कर लिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने हर डिपार्टमेंट में बेहतरीन खेल दिखाया लेकिन पांचवें गेंदबाज के मोर्चे पर वह फिर से फेल हो गई। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के बाद से भारतीय टीम इस समस्या का हल नहीं ढूंढ पाई है। अफगानिस्तान सीरीज में भी वह इस मोर्चे पर एक्सपोज होती दिख रही है।
यह भी पढ़ें: पेरिस ओलंपिक में चोट ने छीना मेडल, अब एशियन गेम्स में चमकेगी निशा दहिया किस्मत?
आयरलैंड और इंग्लैंड में मिली हार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर गई टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी। आयरलैंड में उसे 2 मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। वहीं इंग्लैंड ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 4-0 से शिकस्त दी। इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश में धुल गया था।
सीनियर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अब 2027 वर्ल्ड कप के लिए तैयार किया जा रहा है, जिसके चलते अब उन्हें वनडे टीम के साथ रखा जाएगा। हार्दिक बिरले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखेंगे। फिलहाल वह चोटिल हैं। हार्दिक आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं गए थे, जहां टीम को पांचवें गेंदबाज की कमी काफी खली थी। उनकी जगह को भरने के लिए सूर्यांश शेडगे और शिवम दुबे को आजामाया गया लेकिन दोनों पांचवें गेंदबाज के तौर पर फेल रहे।
यह भी पढ़ें: वरुण चक्रवर्ती फिर हुए चोटिल, अब किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरेगी टीम इंडिया?
श्रेयस की बढ़ी परेशानी
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में श्रेयस को पांचवें गेंदबाज के स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने पांचवें गेंदबाज के 4 ओवर नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे से निकलवाए। नीतीश रेड्डी ने 2 ओवर में 30 रन खर्चे, जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले शिवम दुबे ने 21 रन लुटा दिए। अभिषेक ने एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 8 रन दिए। इस तरह तीनों ने मिलकर अपने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 59 रन दे दिए।
अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन सीरीज के बाकी बचे मैचों और एशियन गेम्स में टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड का फॉर्मेट क्या है, भारत की राह में चुनौती कौन-कौन हैं? हर डिटेल
एशियन गेम्स में भी नहीं हैं हार्दिक
भारत को जापान में होने वाले आगामी एशियन गेम्स में भी हार्दिक के बगैर उतरना है। हर्षित राणा भी चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं। वहीं वरुण चक्रवर्ती को भी चोट लग गई है। वह साइड स्ट्रेन के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनका एशियन गेम्स में भी खेलना तय नहीं है। ऐसे में टीम इंडिया को पांचवें गेंदबाज की कमी को जल्द से ठीक करना होगा। खासकर नीतीश रेड्डी को श्रेयस की परेशानी दूर करनी होगी।
