टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने इशारों-इशारों में बता दिया है कि अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट में भारतीय टीम का नंबर-3 बल्लेबाज कौन होगा। गंभीर ने शुक्रवार (5 जून) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का उचित मौका नहीं मिला है। उन्होंने संकेत दिया कि सुदर्शन को देवदत्त पडिक्कल के ऊपर तरजीह दी जाएगी। गंभीर ने यह भी कहा कि टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे के लिए चार स्पिनरों को तैयार करेगी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाने वाला यह टेस्ट मैच मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है लेकिन यह आगामी सीरीजों को देखते हुए टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने के लिहाज महत्वपूर्ण है। गंभीर ने पत्रकारों से कहा, 'साई सुदर्शन को उचित मौका नहीं मिला है। उन्होंने अधिकतर मैच इंग्लैंड में खेले और मुझे लगता है कि उन्हें उचित मौका मिलना चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'हम सिर्फ 11 खिलाड़ियों का चयन कर सकते हैं और साईं खराब फॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने IPL में 700 से ज्यादा रन बनाए हैं। अगर हम साईं का आकलन चार पांच मैचों के आधार पर करेंगे तो फिर कोई ठोस राय नहीं बना पाएंगे।'
यह भी पढ़ें: क्रिकेट छोड़ जैवलिन थामा, अब तोड़ा नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड, कौन हैं रुमेश थरंगा?
ऋषभ पंत को लेकर क्या बोले गंभीर?
मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच बाएं हाथ के स्पिनर के एक स्लॉट के लिए मुकाबला है और गंभीर ने कहा कि भारत को श्रीलंका में अगस्त में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए स्पिन गेंदबाजी के कई विकल्प तैयार करने होंगे। उन्होंने कहा, 'मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे खिलाड़ी हैं लेकिन उनके गेंद फेंकने के तरीके में कुछ अंतर भी हैं। इस मैच से हमें अपना चौथा स्पिनर तैयार करने में मदद मिलेगी, क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनर लेकर जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: महिला क्रिकेट में भी टाइम-आउट का शिकार हुई बल्लेबाज, नेपाल क्रिकेट ने मांगी माफी
गंभीर ने कहा, 'न्यूजीलैंड का दौरा करने पर हमें अलग तरह से तैयारी करनी होगी। हमारा मानना है कि हमें टेस्ट मैचों के लिए बेहतर तैयारी करने की जरूरत है।' टेस्ट उप-कप्तान के पद से ऋषभ पंत को हटाए जाने के संदर्भ में गंभीर ने कहा कि पंत को उनका समर्थन हासिल है लेकिन उन्हें खेल की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है। भारतीय कोच ने कहा, 'हम ऋषभ पंत की खेल की शैली में बदलाव नहीं चाहते लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना जरूरी होता है।'
