सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के बाद टीम इंडिया एक भी टी20 मुकाबला नहीं जीत सकी है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने 6 में से 5 मुकाबले गंवा दिए हैं, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। उसे आयरलैंड जैसी कम रैंकिंग वाली टीम से भी हार झेलनी पड़ी। इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया ने कई बदलाव करके देख लिए हैं लेकिन जीत नसीब नहीं हुई है। रवि बिश्नोई को ड्रॉप कर प्रिंस यादव को प्लेइंग-XI में लाना सफल प्रयोग साबित हुआ है। मगर जीत अभी भी दूर नजर आ रही है।

श्रेयस की कप्तानी पर सवाल

3-3 IPL टीमों को फाइनल में पहुंचा चुके श्रेयस के पास कप्तानी का पर्याप्त अनुभव है। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान उनके कार्यकाल की शुरुआत बेहद खराब रही है। वह 6 मैचों में टीम इंडिया को एक भी जीत नहीं दिला सके हैं। सही प्लेइंग-XI को नहीं खिलाने के कारण उनकी कप्तानी की आलोचना हो रही है। श्रेयस ऐसी टीम के साथ उतर रहे हैं, जिसके टॉप-7 में 6 बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। 

 

सूर्यांश शेडगे जैसा उभरता ऑलराउंडर बेंच गर्म कर रहा है, जबकि टी20 इंटरनेशनल में करीब 9 साल से खुद को साबित कर रहे वॉशिंगटन सुंदर को मौके पर मौके दिए जा रहे हैं। साथ ही बैटिंग ऑर्डर में छेड़छाड़ भी टीम को महंगा पड़ रहा है। शिवम दुबे कभी नंबर-8 तो कभी नंबर-5 पर भेजे जा रहे हैं, जिससे उनकी बल्लेबाजी पर असर पड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: Sony Liv या JioHotstar, कहां दिखेगा भारत-इंग्लैंड महिला टेस्ट?

बल्लेबाज लगातार हो रहे नाकाम

भारत की लगातार हो रही हार हा बड़ा कारण बल्लेबाजों की नाकामी है। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में 4 मुकाबले हो चुके हैं लेकिन श्रेयस और अभिषेक शर्मा को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज 100 का आंकड़ा पार नहीं कर सका है। श्रेयस ने 4 पारियों में 63.33 की औसत और 155.73 के स्ट्राइक रेट से 190 रन बनाए हैं। वहीं अभिषेक ने 185.50 के स्ट्राइक रेट से 128 रन बटोरे हैं। 

 

श्रेयस-अभिषेक के बाद भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज शिवम दुबे हैं, जिन्होंने 129.09 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 71 रन बनाए हैं। ईशान किशन ने 115.78 के स्ट्राइक रेट से 66 रन और तिलक वर्मा ने 118.60 के स्ट्राइक रेट से 51 रन बटोरे हैं। इनका अलावा कोई 50 रन तक नहीं पहुंच सका है।

 

यह भी पढ़ें: 'हमेशा संजू ही क्यों...' टीम इंडिया के दिग्गज का यह बयान गंभीर को चुभ जाएगी!

स्पिनर्स हैं हार का कारण?

इंग्लैंड सीरीज में हार के बाद श्रेयस की कप्तानी और बल्लेबाजी की जितनी आलोचना हो रही है, उतनी भारतीय स्पिनर्स के प्रदर्शन की चर्चा नहीं है। इंग्लैंड के स्पिनर्स ने जहां 8 विकेट चटकाए हैं, वहीं भारतीय फिरकीबाज सिर्फ 3 ही विकेट ले पाए हैं। इंग्लैंड के स्पिनर्स की तुलना में भारतीय स्पिनर्स काफी महंगे भी रहे हैं। इंग्लिश स्पिनर्स ने प्रति ओवर 8.51 रन खर्चे हैं, तो टीम इंडिया के स्पिनर्स ने 11.09 की इकॉनमी से रन दिए हैं।

 

रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर को इंग्लैंड में एक-एक मैच खेलने का मौका मिला है। दोनों खाली हाथ रहे। अक्षर पटेल ने 3 पारियों में गेंदबाजी की है और 2 विकेट झटके हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 2 पारियों में 1 विकेट झटका। अक्षर (9.30) को छोड़कर सभी की इकॉनमी 10 के ऊपर है।