भारत और पाकिस्तान के बीच ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमें बर्मिंघम के एजबेस्ट स्टेडियम में आमने-सामने है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। हरमनप्रीत ने टॉस के समय पाक कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय टीम ऑपरेशन सिंदुर के बाद से ही पाकिस्तान के खिलाफ नो-हैंडशेक पॉलिसी के साथ उतर रही है। हरमनप्रीत ने भी इस सिलसिले को बरकरार रखा।
टीम इंडिया ने यास्तिका भाटिया को बाहर कर भारती फुलमाली को मौका दिया है। फुलमाली ने वार्म-अप मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। बल्लेबाजी में इसके अलावा कोई बदलाव नहीं है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ के कंधों पर है। रेणुका सिंह को बेंच पर बैठाया गया है। स्पिन डिपार्टमेंट में दीप्ति शर्मा के साथ श्रीचरणी और श्रेयंका पाटिल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट की सर्जरी शुरू, PCB चीफ मोहसिन नकवी ने चला यह मास्टस्ट्रोक
पाकिस्तान ने डायना बेग को किया बाहर
पाकिस्तानी टीम के लिए अच्छी खबर है कि उसकी कप्तान फातिमा सना पूरी तरह से फिट हैं। फातिमा को कल नेट्स में बॉलिंग करते समय घुटने पर गेंद लग गई थी। वह टीम की बागडोर संभालेंगी। पाकिस्तान ने अनुभवी तेज गेंदबाज डायना बेग की जगह तस्मिया रुबाब को अपनी प्लेइंग-XI में जगह दी है।
आंकड़ों में भारत आगे
भारत और पाकिस्तान के बीच विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 8 मुकाबलों में आमना-सामना हुआ है, जिसमें टीम इंडिया 6-2 से आगे है। ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमें 16 बार भिड़ी हैं। यहां भारतीय टीम 13-3 से आगे है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल
पाकिस्तान - मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, सायरा जबीन, नतालिया परवेज, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नशरा संधू, सादिया इकबाल, तस्मिया रुबाब
