ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (1 मार्च) भारतीय टीम का सामना वेस्टइंडीज से होना है। यह सुपर-8 का आखिरी मैच है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी, वहीं हारने वाली टीम का सफर यहीं थम जाएगा। ऐसे में यह एक वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल मुकाबला बन गया है। 

 

कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के बीच सिक्स हिटींग कम्पटीशन देखने को मिल सकता है। वहीं दोनों टीमों के स्पिन डिपार्टमेंट को देखें तो वेस्टइंडीज मजबूत नजर आ रहा है। उसके पास अकील हुसैन, गुडाकेश मोती और रोस्टन चेज हैं। वहीं भारतीय टीम में वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल हैं। वरुण ICC रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-1 गेंदबाज हैं लेकिन पिछले दो मैचों में उनके प्रदर्शन ने चिंता बढ़ा दी है।

 

यह भी पढ़ें: भारत-वेस्टइंडीज के बीच वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल, कितने बजे से शुरू होगा मैच?

महंगे जा रहे हैं वरुण चक्रवर्ती

ग्रुप स्टेज में वरुण अपनी फिरकी पर बल्लेबाजों को नचा रहे थे। मगर सुपर-8 स्टेज में वह पूरी तरह से साधारण लगे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में वरुण ने 4 ओवर में 47 रन लुटा दिए थे। इसके बाद चेपॉक में जिम्बाब्वे के खिलाफ वरुण ने 4 ओवर में 35 रन खर्चे थे। इन दोनों मैचों में उन्हें 1-1 सफलता मिली। भारतीय टीम की चिंता वरुण की इकॉनमी नहीं, बल्कि उन्हें आसानी से लग रहे बड़े शॉट हैं।

 

वरुण ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 60 छक्के खाए हैं, जिसमें से 20 छक्के उन्हें पिछले 10 मैचों में लगे हैं। वह ओपरपिच या स्लॉट में गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। उन्हें बल्लेबाज फ्रंटफुट निकालकर छक्के जड़ रहे हैं, जिससे पिछले 10 मुकाबलों में वरुण की इकॉनमी 8.47 की रही है, जबकि इससे पहले उनकी करियर इकॉनमी 6.74 की थी।

 

यह भी पढ़ें: कुदरत का निजाम फेल... पाकिस्तान का सपना तोड़ने वाले पवन रत्नायके कौन हैं?

कुलदीप को मिलेगा मौका?

ईडन गार्डंस एक तरह से वरुण का होम ग्राउंड है। वह IPL में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के लिए खेलते हैं, जिससे उन्हें यहां खेलने का पर्याप्त अनुभव है। मगर जिस तरह से बल्लेबाज उनकी गेंदबाजी को साधारण बना दे रहे हैं, उसे देखते हुए उनकी जगह कुलदीप यादव को उतारा जा सकता है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप भी KKR के लिए ईडन गार्डंस में कई मैच खेल चुके हैं। उन्हें इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में उन्हें खिलाया गया था, जिसमें उन्होंने 3 ओवर में 14 रन देकर 1 विकेट लिए थे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-XI: 

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव