भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए ICC ने मैच ऑफिशियल्स की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ खिताबी मुकाबले में फील्ड अंपायर होंगे। वहीं तीसरे अंपायर की भूमिका अल्लाहुद्दीन पालेकर निभाएंगे। चौथे अंपायर की जिम्मेदारी एड्रियन होल्डस्टॉक संभालेंगे। वहीं मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को बनाया गया है। ICC ने फाइनल के लिए रिचर्ड केटलबोरो को मैच ऑफिशियल्स में नहीं रखा है। केटलबोरो बड़े मुकाबलों में भारत के लिए अनलकी साबित होते रहे हैं।

 

2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली दिल तोड़ने वाली हार हो या 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान से मिली शर्मनाक शिकस्त... ऐसे कई बड़े मैच हैं, जिनमें केटलबोरो अंपायर थे और टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। इसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को मिली हार के दौरान केटलबोरो अंपायर की भूमिका में थे।

 

यह भी पढ़ें: 'भारत के महान खिलाड़ी...' अक्षर पटेल की तारीफ में क्या-क्या बोले सुनील गावस्कर?

 इलिंगवर्थ लगातार दूसरे फाइनल में होंगे अंपायर

इलिंगवर्थ लगातार दूसरे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे। इससे पहले वह 2024 में क्रिस गैफनी के साथ फाइनल में अंपायरिंग कर चुके हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगे। पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, उसमें भी इलिंगवर्थ अंपायरिंग कर चुके हैं।

 

इस बार इलिंगवर्थ के साथ उनके हमवतन वार्फ हैं, जो पहली बार सीनियर ICC वर्ल्ड कप फाइनल में मैच ऑफिशियल होंगे। वार्फ इससे पहले महिला ODI वर्ल्ड कप 2022 और 2023 ODI वर्ल्ड कप में अंपायरिंग कर चुके हैं। वह पिछले साल ही ICC के अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल में शामिल हुए थे। न्यूजीलैंड की बुधवार को सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका पर मिली जीत के दौरान भी ये दोनों मौजूद थे।

 

तीसरे और चौथे अंपायर की भूमिका में नजर आने वाले अल्लाहुद्दीन पालेकर एड्रियन होल्डस्टॉक दोनों ही साउथ अफ्रीका से हैं। वहीं मैच रैफरी एंडी पायक्रॉफ्ट जिम्बाब्वे के रहने वाले हैं। पालेकर को मार्च 2025 में वार्फ के साथ अंपायरों के एलीट पैनल में शामिल किया गया था और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान छह मैच में अंपायरिंग की है।

 

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के 2 मैचों में चले संजू सैमसन, अब करेंगे विराट कोहली की बराबरी!

IND vs NZ फाइनल के लिए मैच ऑफिशियल्स:

  • मैदानी अंपायर - रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ
  • तीसरे अंपायर -  अल्लाहुद्दीन पालेकर
  • चौथे अंपायर - एड्रियन होल्डस्टॉक
  • मैच रेफरी - एंडी पायक्रॉफ्ट