ICC टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटा दी है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाक को 61 रन से रौंदकर सुपर-8 में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन का स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन ने 40 गेंद में 10 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 77 रन ठोके। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 17 गेंद में 27 रन जड़ दिए।
176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम के टॉप ऑर्डर को हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने पहले दो ओवर में ही झकझोर दिया। 13 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तानी टीम कभी मुकाबले में नहीं लगी और वह 114 पर ही सिमट गई। कप्तान सलमान अली आगा 4 और बाबर आजम 5 रन ही बना सके। भारत की ओर से पंड्या, बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट झटके।
भारत बनाम पाकिस्तान, लाइव अपडेट:-
Live Updates
2026-02-15T22:18
कोलंबो में पाकिस्तान ने किया सरेंडर
भारतीय टीम के 175 रन के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 पर सिमट गई है। हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारीक को क्लीन बोल्ड कर उसकी पारी ढेर की। टीम इंडिया ने 61 रन से यह मुकाबला अपने नाम कर सुपर-8 में जगह बना ली है।
2026-02-15T22:09
वरुण के खाते में भी विकेट
भारतीय गेंदबाजों में सिर्फ वरुण चक्रवर्ती के खाते में विकेट नहीं थे। उन्होंने अपने स्पेल के तीसरे ओवर में एक नहीं दो-दो विकेट ले लिए हैं। टीम इंडिया अब जीत से महज 1 विकेट दूर है।
2026-02-15T21:51
तिलक वर्मा ने भी चटकाया विकेट
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 13वें ओवर में पार्ट-टाइम स्पिनर तिलक वर्मा को गेंद थमाई। तिलक ने अपने कप्तान को निराश नहीं किया और पहली ही गेंद पर शादाब खान (14) का विकेट ले लिया।
2026-02-15T21:44
100 के नीचे सिमटेगा पाकिस्तान?
पाकिस्तान ने मोहम्मद नवाज के रूप में छठा विकेट गंवा दिया है। उसका स्कोर अभी 78 रन तक ही पहुंचा है। पाक टीम के लिए 100 रन तक भी पहुंचना मुश्किल लग रहा है। कुलदीप यादव ने नवाज का विकेट झटका।
2026-02-15T21:40
पाकिस्तान की आधी टीम सिमटी
अक्षर पटेल ने उस्मान खान को स्टंप आउट करवा दिया है। 73 के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम सिमट गई है। आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे उस्मान खान को अक्षर पटेल ने बीच रास्ते में ही खड़ा कर दिया। उस्मान ने 34 गेंद में 44 रन बनाए।
2026-02-15T21:34
उस्मान के बूते भारत को टक्कर दे रहा पाकिस्तान
उस्मान खान और शादाब खान ने 25 गेंद में 32 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान का मिनी कमबैक करवा दिया है। पाक टीम ने 9 गेंद में 4 विकेट के नुकसान पर 66 रन बना लिए हैं। उस्मान 28 गेंद में 40 रन तक पहुंच गए हैं।
2026-02-15T21:14
बाबर आजम क्लीन बोल्ड
पांचवां ओवर लेकर आए अक्षर पटेल की दूसरी और तीसरी गेंद पर उस्मान खान ने चौका जड़ा। उस्मान ने इसके बाद सिंगल लिया। स्ट्राइक पर आए बाबर आजम ने अक्षर को छक्का जड़ने का प्रयास किया लेकिन वह पूरी तरह से चूक गए और क्लीन बोल्ड हो गए। बाबर 7 गेंद खेलकर 5 रन ही बना पाए। पाकिस्तान ने 34 रन तक पहुंचते-पहुंचते 4 विकेट गंवा दिए हैं। शादाब खान बैटिंग करने आए हैं।
2026-02-15T21:04
पाकिस्तान के 3 विकेट धड़ाम
कोलंबो में भारतीय गेंदबाज कहर ढा रहे हैं। बुमराह ने अब पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगाज को चलता कर दिया है। पाकिस्तान का स्कोर 13/3 हो गया है। उस्मान खान को नंबर-5 पर भेजा गया है।
2026-02-15T21:01
पाकिस्तान के दोनों ओपनर पवेलियन वापस
जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब (6) को LBW आउट कर दिया है। 8 गेंद के अंदर पाकिस्तान के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए हैं। सईम ने रिव्यू लिया लेकिन वह नहीं बच पाए। बाबर आजम क्रीज पर आए हैं।
2026-02-15T20:51
पाकिस्तान ने खोया अपना पहला विकेट
हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में सफलता दिला दी है। हार्दिक ने पटकी हुई गेंद पर साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट करवा दिया है। साहिबजादा चार गेंद खेलने के बाद डक पर आउट हुए।
2026-02-15T20:51
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम
हार्दिक पांड्या पहला ओवर डाल रहे हैं और साहिबजादा फरहान पहली गेंद का सामना कर रहे हैं।
2026-02-15T20:40
भारत ने पाकिस्तान को दिया 176 रन का टारगेट
शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में 16 रन बटोरकर भारत को 175 के स्कोर तक पहुंचा दिया है। भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों का यह सबसे बड़ा स्कोर है।
2026-02-15T20:33
सूर्यकुमार यादव की धीमी पारी
उस्मान तारिक ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का विकेट झटक लिया है। सूर्या 29 गेंद खेलकर 32 रन ही बना पाए। 19 ओवर के बाद भारतीय टीम 5 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना पाई है।
2026-02-15T20:25
कहां तक पहुंचेगी टीम इंडिया?
17 ओवर का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 140 रन है। सूर्यकुमार यादव 24 गेंद में 28 रन बनाकर खेल रहे हैं। शिवम दुबे 9 गेंद में 10 रन पर हैं।
2026-02-15T20:14
लड़खड़ा रही है भारत की पारी
भारतीय टीम ने दो गेंद में दो विकेट गंवा दिए हैं। 15वां ओवर लेकर आए सईम अयूब ने पहले तिलक वर्मा (24 गेंद में 25 रन) और फिर हार्दिक पंड्या (0) को चलता कर दिया है। भारत का स्कोर 126/4 हो गया है।
2026-02-15T19:42
ईशान किशन ने ठोके 77 रन
कोलंबो में ईशान किशन ने पाकिस्तान की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए 40 गेंद में 77 रन की पारी खेली है। उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के जड़े। 9वें ओवर में आउट होने से पहले ईशान ने टीम इंडिया को 88 के स्कोर तक पहुंचा दिया है। वह सईम अयूब की गेंद पर गच्चा खा गए और क्लीन बोल्ड हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव बैटिंग करने आए हैं।
2026-02-15T19:25
ईशान किशन ने ठोकी आतिशी फिफ्टी
सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने पावरप्ले खत्म होने के बाद लगातार दो चौके जड़ 27 गेंद में फिफ्टी ठोक दिया है। पाकिस्तान लगातार स्पिन के साथ अटैक कर रहा है लेकिन ईशान के सामने उसकी हर कोशिश नाकाम हो जा रही है।
2026-02-15T19:19
कोलंबो में गदर काट रहे ईशान किशन
ईशान किशन ने 21 गेंद में 36 रन ठोक भारत को 5 ओवर में 41/1 के स्कोर तक पहुंचा दिया है। तिलक वर्मा 4 गेंद में 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।
2026-02-15T19:04
अभिषेक फिर जीरो पर OUT
टीम इंडिया को तगड़ा झटका लगा है। अभिषेक शर्मा खाता खोले बगैर आउट हो गए हैं। वह पहले ओवर की आखिरी गेंद को सीधे लॉन्ग ऑन के हाथों में खेल बैठे।
2026-02-15T19:01
भारत की बल्लेबाजी शुरू
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने आ गए हैं। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा पहला ओवर लेकर आए हैं।
2026-02-15T18:55
सूर्या ने पाक कप्तान से हाथ नहीं मिलाया
भारतीय टीम इस मुकाबले में भी नो-हैंडशेक पॉलिसी के साथ उतरी है। टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया।
2026-02-15T18:37
पाकिस्तान की प्लेइंग-XI
साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद
2026-02-15T18:36
भारत की प्लेइंग-XI
ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
2026-02-15T18:34
पहले बैटिंग करेगी टीम इंडिया
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया है। यानी भारतीय टीम पहले बैटिंग करती नजर आएगी। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम पहले बैटिंग ही करना चाहते थे।
2026-02-15T18:31
अर्शदीप खेलेंगे?
अर्शदीप सिंह फील्डिंग ड्रिल्स करते नजर आ रहे हैं। क्या वह आज खेलने वाले हैं? कुछ ही देर में तस्वीर साफ हो जाएगी।
2026-02-15T18:23
कुछ ही देर में उछलेगा सिक्का
अब से थोड़ी देर में आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस का सिक्का उछलेगा। आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिनरों की मददगार रहती है। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद रहेगा।
2026-02-15T18:18
धुरंधर फेम रैपर की धांसू परफॉर्मेंस
भारत-पाक मुकाबले से पहले आर प्रेमदासा स्टेडियम में धुरंधर फेम रैपर हनुमानकाइंड ने परफॉर्म किया।
2026-02-15T18:08
कोलंबो में फिलहाल मौसम साफ
कोलंबो में फिलहाल मौसम साफ है। मैच से पहले बारिश की संभावना जताई गई थी लेकिन अभी राहत है। श्रीलंकाई मौसम विभाग के अनुसार, रात में हल्की बारिश की संभावना है।
2026-02-15T17:54
दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं
भारत और पाकिस्तान की टीमें आर प्रेमदासा स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। अब से कुछ ही देर में टॉस होना है।
2026-02-15T17:21
4 नंबर पिच पर होगा भारत-पाक मैच
आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच नंबर 4 पर भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेला जाएगा। इसी पिच पर ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टक्कर हुई थी।
