टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल चोट से पीछा नहीं छुड़ा पा रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर वह कार्डिफ वनडे में 80 रन की पारी खेलने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे। दाएं पैर में ऐंठन और हैमस्ट्रिंग की तकलीफ के चलते उन्हें रिटायर हर्ट होना पड़ा। यह पहली बार नहीं था, जब वह रिटायर हर्ट हुए। पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में वह गर्दन में ऐंठन के कारण बल्लेबाजी छोड़कर मैदान से बाहर निकले थे।
अब गिल श्रीलंका दौरे पर चोटिल हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अनुसार, गिल को प्रैक्टिस सेशन में दाहिने हाथ की छोटी उंगली में चोट लगी है। इस चोट के कारण वह श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मुकाबले के पहले दिन (7 अगस्त) मैदान पर नहीं उतरे। समझा जा रहा है कि वह वार्म-अप मुकाबले से बाहर ही रहेंगे।
यह भी पढ़ें: देवदत्त पडिक्कल की आतिशी सेंचुरी, टीम इंडिया की नंबर-3 की टेंशन खत्म!
बार-बार चोटिल हो रहे हैं गिल
शुभमन गिल गर्दन में जकड़न के कारण इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) 2026 में गुजरात टाइटंस के ओपनिंग मैच से बाहर रहे थे। वह पिछले 4 महीने में 3 बार चोटिल हो चुके हैं। पिछले साल के सभी चोटों को जोड़ लें तो 10 महीने में उन्हें 5 बार चोट लगी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दौरान गिल के चोटिल होने से टीम इंडिया बैकफुट पर चली गई थी।
कप्तान गिल पहली पारी के दौरान रिटायर हर्ट हुए थे, जिसमें भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के 159 रन के जवाब में 189 रन की बढ़त ली थी। अगर गिल फिट रहते तो शायद यह बढ़त 100 पार जा सकती थी। अफ्रीकी टीम अपनी दूसरी पारी में किसी तरह से 153 रन बनाने में कामयाब रही और भारत के सामने 124 रन का लक्ष्य रखा। कोलकाता की टर्निंग पिच पर चौथी पारी में इतने रन बनाना एक कम बल्लेबाज के साथ खेल रही टीम इंडिया के लिए असंभव साबित हुआ। भारतीय टीम महज 93 पर सिमट गई और टेस्ट मैच गंवा बैठी।
यह भी पढ़ें: पहले वनडे और टी20I, अब टेस्ट में भी कैसे पिछड़ रहे हैं कुलदीप?
बुमराह को इसीलिए नहीं बनाया गया था कप्तान
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद खाली हुए कप्तान के पद के लिए जसप्रीत बुमराह सबसे मजबूत दावेदार थे। हालांकि उनके चोटिल होने के खतरा को देखते हुए BCCI ने उन्हें कप्तान बनाने का रिस्क नहीं लिया। बुमराह फिट रहने पर सभी टेस्ट मैच नहीं खेलते हैं। उनके वर्कलोड को मैनेज करने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में बोर्ड ने युवा गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी दी। मगर बुमराह को जिस डर से टीम की कमान नहीं दी गई, गिल उसी का शिकार बन रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं यूपी के आशीष यादव, जिन्होंने जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा जैसा किया कमाल?
चोट के कारण 3 टेस्ट मैच मिस कर चुके हैं गिल
साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले गिल गर्दन में अकड़न से जूझ रहे थे। इस कारण वह सीरीज का पहला टेस्ट नहीं खेल पाए। इसके कुछ ही हफ्तों बाद वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) के शुरुआती टेस्ट से बाहर हो गए। उन्हें पर्थ में मैच सिमुलेशन के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बाद स्कैन्स में पता चला कि हेयरलाइन फ्रैक्चर है, जिसके चलते वह BGT 2024-25 का पहला टेस्ट नहीं खेल सके।
गिल ने पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेला गया दूसरा टेस्ट भी मिस किया था। अब श्रीलंका दौरे पर उनका पहले टेस्ट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अगर गिल 15 अगस्त से शुरू हो रहा यह टेस्ट मैच नहीं खेलते हैं, तो बतौर कप्तान वह दूसरा टेस्ट मैच मिस करेंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब बुमराह को इंजरी के खतरे का कारण कप्तान नहीं बनाया गया, तो गिल कहां सभी मुकाबलों के लिए उपलब्ध रह रहे हैं?
