वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया के आने वाले मुकाबले काफी अहम हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड टॉप-3 में हैं, जबकि भारत 48.15% पॉइंट्स प्रतिशत के साथ पांचवें नंबर पर है। ऐसे में फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को अपने बचे हुए मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इसकी शुरुआत टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से करनी होगी।
भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले के गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: विंडीज चूका, अफगानी टीम को मिला वर्ल्ड कप का टिकट, क्वालिफिकेशन प्रोसेस क्या है?
WTC टॉप-3 में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे
ऑस्ट्रेलिया 87.5% PCT के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है। उसने अब तक आठ में से सात टेस्ट जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका 75% PCT के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22% PCT के साथ तीसरे नंबर पर है। बांग्लादेश 58.33% PCT के साथ चौथे और भारत 48.15% PCT के साथ पांचवें नंबर पर है।
आने वाले समय में टॉप टीमों के बीच भी कई मुकाबले होने हैं। ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका और भारत का सामना करना है, जबकि न्यूजीलैंड की भिड़ंत भारत और ऑस्ट्रेलिया से होगी। इन मुकाबलों में टॉप टीमों के अंक कट सकते हैं, जिसका फायदा भारत को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: सरफराज खान की डेढ़ साल बाद टेस्ट टीम में वापसी, खेलने का मौका मिलेगा या नहीं?
भारत को श्रीलंका में गलती भारी पड़ेगी
दो टेस्ट मैचों की इस सीरीज में कुल 120 अंक दांव पर हैं। यानी एक मैच जीतने पर 60 अंक मिलेंगे। WTC फाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम है। अगर भारत श्रीलंका से सीरीज हार जाता है या सीरीज ड्रॉ हो जाती है, तो भारत का पॉइंट्स परसेंटेज और नीचे चला जाएगा। ऐसे में टॉप-2 में जगह बनाने के लिए भारत को आगे अपने लगभग सभी मैच जीतने पड़ेंगे। साथ ही न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका जैसी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
भारत का WTC फाइनल सिनेरियो
आने वाले श्रीलंका दौरे से लेकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज तक भारतीय टीम को कुल 9 टेस्ट मैच खेलने हैं। भारत अब तक 9 टेस्ट खेल चुका है, जिसमें 4 में जीत मिली, 4 में हार हुई और एक मैच ड्रॉ रहा। अगर भारत अपने बाकी सभी 9 टेस्ट जीत लेता है तो उसका PCT बढ़कर 74.07% हो सकता है। वहीं, अगर टीम 7 टेस्ट जीतती है और 2 मैच ड्रॉ कराती है तो PCT 66.67% रहेगा।
यह भी पढ़ें: 6,6,6... आखिरी ओवर में सिराज ने काटा गदर, श्रीलंका में टीम इंडिया की रोमांचक जीत
हालांकि, केवल इतना करने से भारत का फाइनल टिकट पक्का नहीं होगा। दूसरी टीमों के नतीजे भी काफी अहम होंगे। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यहां अंक गंवाने के बाद न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में दबाव और बढ़ जाएगा।
इसके अलावा अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट की सीरीज भी फाइनल की रेस पर असर डालेगी। भारत को अपने मैच जीतने के साथ यह भी उम्मीद करनी होगी कि टॉप टीमों के बीच मुकाबलों में वे एक-दूसरे के अंक काटें।
श्रीलंका के बाद भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड से
श्रीलंका दौरे के बाद भारतीय टीम अगली टेस्ट सीरीज न्यूजीलैंड में खेलेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी। इसके बाद जनवरी 2027 में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
