गुजरात टाइटंस (GT) के लेग स्पिनर राशिद खान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्लऑफ में फीके रहे हैं। राशिद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) क्वालिफायर 1 में 3 ओवर में 29 रन खर्चे थे और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी। क्वालिफायर 2 उनके लिए इससे भी खराब गुजरा। राशिद को राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाजों ने 2 ओवर में 45 रन कूट दिए। इस मुकाबले में भी राशिद खाली हाथ रहे। हालांकि लगातार दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बावजूद फाइनल से पहले राशिद खान से RCB का खेमा डरा हुआ है।

 

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब से कुछ ही देर में GT और RCB के बीच खिताबी जंग होनी है। इस मुकाबले में RCB जीत की प्रबल दावेदार है लेकिन राशिद उसका गेम बिगाड़ सकते हैं। महज 27 साल की उम्र में ही IPL के दिग्गजों में शामिल हो चुके राशिद का RCB के अहम बल्लेबाजों के सामने बेहतरीन रिकॉर्ड है, जिसे देखते हुए डिफेंडिंग चैंपियन टीम के फैंस भी चिंतिंत हैं।

 

यह भी पढ़ें: फाइनल से पहले क्यों ट्रेंड हो रहे हैं साई सुदर्शन? Memes देखकर छूट जाएगी हंसी

RCB की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं राशिद

राशिद ने टी20 क्रिकेट में विराट कोहली को 3 बार आउट किया है। दोनों क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक 12 बार आमने-सामने हुए हैं, जिसमें कोहली ने 131 रन बनाए हैं। राशिद ने RCB के नंबर-3 देवदत्त पडिक्कल के खिलाफ अपना दबदबा बनाया हुआ है। उन्होंने पडिक्कल को IPL में 9 पारियों में 5 बार पवेलियन भेजा है। वहीं टिम डेविड को 17 टी20 पारियों में 3 बार चलता किया है। डेविड इस दौरान उनके खिलाफ महज 70 रन ही बना सके हैं।

 

यह भी पढ़ें: पावरप्ले में तय होगी फाइनल होगी तस्वीर, आंकड़े गवाह

राशिद से GT को होंगी ये उम्मीदें 

राशिद पिछले सीजन बुरी तरह फ्लॉप रहे थे। इस सीजन उनका प्रदर्शन सुधरा है। पिछले दो मैचों में खाली हाथ रहने के बाद भी वह IPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर हैं। उन्होंने 16 मैचों में 19 विकेट झटके हैं। राशिद खासकर मिडिल ओवर्स में बेहद कारगर रहे हैं। वह 7-15 ओवर के फेज में 17 विकेट चटका चुके हैं, जो किसी भी गेंदबाज से ज्यादा है। अगर खिताबी मुकाबले के पावरप्ले में कैगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज विकेट निकालने में नाकाम रहते हैं, तो GT को राशिद से उम्मीदें होंगी कि वह रन गति पर लगाम लगाएं और टीम को सफलता दिलाएं।