इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के प्लेऑफ की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। लीग स्टेज के आखिरी मैच तक जाकर प्लेऑफ की तस्वीर साफ हुई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने नॉकआउट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने अंतिम लीग मैच में जीत दर्ज कर प्लेऑफ का आखिरी टिकट हासिल किया। इसके साथ ही पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का सफर खत्म हो गया।

 

राजस्थान रॉयल्स ने 14 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक हासिल किए और चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। वहीं पंजाब किंग्स 15 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रह गई। राजस्थान की जीत के साथ ही प्लेऑफ की सभी संभावनाएं खत्म हो गईं और चारों टीमों की स्थिति तय हो गई।

 

यह भी पढ़ें: RR ने प्लेऑफ में ली रॉयल एंट्री, MI को 30 रन से पीटा, PBKS और KKR बाहर

RCB ने किया टॉप पर फिनिश

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 अंकों के साथ लीग स्टेज में पहला स्थान हासिल किया। बेहतर नेट रन रेट के कारण टीम अंक तालिका में टॉप पर रही। गुजरात टाइटंस भी 18 अंक तक पहुंची लेकिन नेट रन रेट कम होने की वजह से दूसरे स्थान पर रही। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 18 अंक हासिल किए लेकिन खराब नेट रन रेट के चलते टीम तीसरे नंबर पर रही।

RR और SRH के बीच होगा एलिमिनेटर

चौथे स्थान पर रही राजस्थान रॉयल्स अब एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा होगा। हारने वाली टीम सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी। दूसरी ओर RCB और गुजरात टाइटंस क्वालिफायर-1 में भिड़ेंगी, जहां हारने वाली टीम को भी फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: छा गए बिहारी बाबू... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा टी20 का वर्ल्ड रिकॉर्ड

IPL 2026 प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

  • क्वालीफायर 1 (RCB vs GT): मंगलवार, 26 मई को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम क्वालीफायर-2 में जाएगी।
  • एलिमिनेटर (SRH vs RR): बुधवार, 27 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा और जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में पहुंचेगी।
  • क्वालीफायर 2: शुक्रवार, 29 मई को मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसमें क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम का सामना एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगा।
  • फाइनल मुकाबला: रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।