ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक 12 मुकाबले खेले जा चुके हैं। आज (19 जून) आयरलैंड और न्यूजीलैंड के बीच टूर्नामेंट का 13वां मुकाबला खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही है। उसे वेस्टइंडीज और श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा है, जिससे वह बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। न्यूजीलैंड की टीम आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल कर अपनी उम्मीदें जीवित रखना चाहेगी। वह ग्रुप-2 में पांचवें पायदान पर है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने अपने दोनों मैच जीतकर इस ग्रुप के टॉप-2 पर कब्जा जमाया हुआ है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी अजेय चल रही हैं। ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को मात दी है तो भारत ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत हासिल कर अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है। पाकिस्तान के खिलाफ दबाव वाले मुकाबले में दीप्ति शर्मा चमकी थीं। वहीं विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही नीदरलैंड्स के खिलाफ स्मृति मंधाना का जलवा देखने को मिला। उन्होंने 47 गेंद में 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। स्मृति विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। स्मृति ने इसके साथ ही इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार POTM अवॉर्ड जीतने के मामले में मिताली राज की बराबरी कर ली है।
यह भी पढ़ें: मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचा, कतर हारा, FIFA वर्ल्ड कप के आठवें दिन क्या-क्या हुआ?
स्मृति-मिताली संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड सूजी बेट्स के नाम है। न्यूजीलैंड की इस दिग्गज बल्लेबाज को 8 बार मैच का बेस्ट खिलाड़ी चुना गया है। भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 4 बार इस अवॉर्ड को अपने नाम किया है। उनके बाद मिताली राज थीं, जिनकी बराबरी स्मृति ने की है।
पाकिस्तान के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच बनीं दीप्ति इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने और ओपनर शेफाली वर्मा ने 2-2 POTM अवॉर्ड जीते हैं। पूनम राउत भी एक से ज्यादा बार यह अवॉर्ड जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी हैं।
यह भी पढ़ें: बिना इंटरनेशनल मैच खेले ही RCB स्टार की टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री, आखिर क्यों?
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्याद POTM अवॉर्ड जीतने वाली भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट
- हरमनप्रीत कौर - 4 बार
- स्मृति मंधाना - 3 बार
- मिताली राज - 3 बार
- दीप्ति शर्मा - 2 बार
- शेफाली वर्मा - 2 बार
- पूनम राउत - 2 बार


