टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। यह मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। भारतीय टीम ने 96 रन से जीत हासिल की और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया और इतिहास रचा। भारतीय टीम ने पूरे मैच में हर डिपार्टमेंट में अपना दबदबा बनाए रखा, यही वजह है कि भारत ने फाइनल में बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल की।
साल 2023 से अब तक आईसीसी के व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में भारत ने कुल 33 मैच खेले हैं, जिनमें से 31 में जीत हासिल की है और सिर्फ 2 मैच हारे हैं। वहीं, 2023 के बाद खेले गए मल्टी-नेशन टी20 इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भारत ने 27 मुकाबले खेले हैं। इनमें 25 मैच जीते, 1 मैच साउथ अफ्रीका से हारा और 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों का ट्रेंड भी दिलचस्प रहा है।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद, संडे, टाइटल डिफेंड नहीं हुआ... आज सभी मिथक टूटे, चैंपियन बना भारत
साल 2016 के बाद से अब तक सेमीफाइनल और फाइनल मिलाकर कुल 15 नॉकआउट मैच खेले गए हैं। इनमें से 11 मैच उस टीम ने जीते हैं जिसने लक्ष्य का पीछा किया। वहीं सिर्फ 4 मैच ऐसे रहे हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती। खास बात यह है कि पहले बल्लेबाजी करके जीते गए ये चारों मुकाबले भारत के नाम रहे हैं।
संजू सैमसन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
संजू सैमसन का 89 रनों का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड मार्लन सैमुअल्स (85) ने 2016 में और केन विलियमसन (85) ने 2021 में बनाया था। सैमसन और किशन के बीच 105 रनों की पार्टनरशिप भी फाइनल में दूसरी सबसे बड़ी 100+ रनों की साझेदारी बन गई है। इससे पहले सबसे बड़ी 100+ पार्टनरशिप 2010 में क्रेग कीजवेटर और केविन पीटरसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 111 रन की बनाई थी।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन के कान में क्या बोले थे रोहित शर्मा? हिटमैन ने खोला राज
सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमें
टी20 वर्ल्ड कप का पहला एडिशन 2007 में खेला गया था। तब से यह टूर्नामेंट 10 बार खेला जा चुका है। भारत चार बार फाइनलिस्ट रहा है, जो एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।
- भारत: 3 टाइटल (2007, 2024, 2026)
- इंग्लैंड: 2 टाइटल (2010, 2022)
- वेस्टइंडीज: 2 टाइटल (2012, 2016)
- पाकिस्तान: 1 टाइटल (2009)
- श्रीलंका: 1 टाइटल (2014)
- ऑस्ट्रेलिया: 1 टाइटल (2021)
मेंस टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा कुल रन (दोनों टीमों के मिलाकर)
- 499 रन: भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई (वानखेड़े), 2026 सेमीफाइनल
- 414 रन: भारत बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद, 2026 फाइनल
- 388 रन: ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान, ग्रोस आइलेट, 2010 सेमीफाइनल
- 388 रन: भारत बनाम वेस्टइंडीज, मुंबई (वानखेड़े), 2016 सेमीफाइनल
यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर क्यों नहीं चाहते अभिषेक शर्मा खेलें वर्ल्ड कप मैच?
टी20 वर्ल्ड कप में फुल-मेंबर टीमों के खिलाफ सबसे बड़ी जीत (रनों के अंतर से)
- 107 रन: वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, मुंबई (2026)
- 104 रन: साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, सिडनी (2022)
- 104 रन: वेस्टइंडीज बनाम अफगानिस्तान, ग्रोस आइलेट (2024)
- 96 रन: भारत बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद (2026 फाइनल)
- 90 रन: भारत बनाम इंग्लैंड, कोलंबो आरपीएस (2012)
इन भारतीय खिलाड़ियों को मिला टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- 2014: विराट कोहली
- 2016: विराट कोहली
- 2024: जसप्रीत बुमराह
- 2026: संजू सैमसन
