FIFA वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील और नॉर्वे के मैच ने फुटबॉल फैन्स को दोहरा झटका दे दिया है। एक तरफ वर्ल्ड कप का बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब नॉर्वे ने ब्राजील को हरा दिया। यह हार ब्राजील को कभी न भरने वाले घाव दे गई क्योंकि हार के बाद उसके दिग्गज खिलाड़ी नेमार जूनियर ने संन्यास का एलान कर दिया है। हार के बाद जब नेमार ग्राउंड से बाहर आए तो उनकी आंखों में आंसू थे। शनिवार रात को भले ही नेमार ने एक गोल दागा हो लेकिन उनका यह गोल उनकी टीम को जिताने के लिए काफी नहीं था और यह बात नेमार के आंसू भी बयां कर रहे थे।

 

राउंड 16 से आगे बढ़ने के लिए जरूरी था कि ब्राजील इस मैच को जीते। माना भी जा रहा था कि ब्राजील के लिए यह मैच आसान होगा लेकिन नॉर्वे ने इस वर्ल्ड कप का शायद अब तक का सबसे बड़ा उलटफेटर कर दिया। नॉर्वे ने 2-1 से यह मैच जीतकर ना सिर्फ ब्राजील को बाहर किया बल्कि नेमार जैसे खिलाड़ी को भी संन्यास लेने पर मजबूर कर दिया। मेटलाइफ स्टेडियम में मिली इस हार के बाद नेमार का 16 साल का फुटबॉल करियर एक आखिरी गोल के साथ खत्म हो गया।

 

यह भी पढ़ें: किलियन एमबापे के रिकॉर्ड गोल से क्वार्टर फाइनल में फ्रांस, अब मोरक्को से भिड़ंत

क्या बोले नेमार?

अपनी टीम की इस हार के नेमार ने कहा, 'मैंने कोशिश की। मैंने कोशिश की। मैंने इसी मेट लाइफ स्टेडियम से अपनी शुरुआत की थी और यहीं खत्म कर रहा हूं। अब सब खत्म होता है।' उनके इस एलान ने दुनियाभर के फुटबॉल फैन्स का दिल तोड़ दिया। वजह है कि नेमार अभी 34 साल के ही हैं। वहीं, 41 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और 39 साल के लियोनेल मेसी अभी भी फुटबॉल खेल रहे हैं। 

 

कैसे हार गया ब्राजील?

नॉर्वे की ओर से एर्लिंग हालैंड ने आखिरी वक्त में दो गोल करके पूरा मैच पलट दिया। इससे पहले नेमार की टीम इस उम्मीद से उतरी थी कि वह आसानी से यह मैच जीत लेगी और अपने 6ठे वर्ल्ड कप टाइटल की ओर एक और कदम बढ़ा लेगी। हालांकि, एर्लिंग के दो गोल ने उसकी सांसें अटका दी। एक पेनल्टी शूटआउट का मौका मिला और नेमार ने उसे गोल में तब्दील भी किया लेकिन ये सब काफी नहीं था।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में मेसी ने दागे 7 गोल, 'गोल्डन बूट' की रेस में सबसे आगे

 

 

जैसे ही समय खत्म हुआ और सीटी बजी, मेट लाइफ स्टेडियम की पिच पर मौजूद ब्राजील के खिलाड़ियों के साथ-साथ फुटबॉल के लिए मशहूर इस पूरे देश में सन्नाटा पसर गया। नेमार समेत तमाम खिलाड़ी रो पड़े और कुछ साथियों ने अपने इस बुलंद सितारे की आंखों में आ रही नमी को रोकने की कोशिश भी की। हालांकि, भावनाओं का सैलाब ऐसा था कि नेमार को हौसला देने आए खिलाड़ी भी रो पड़े। मैच के बाद नेमार ने बता दिया अब वह और नहीं खेलेंगे। उन्होंने सिर्फ 34 साल की उम्र में रिटायरमेंट का एलान कर दिया।

 

साल 2010 में ब्राजील के लिए अपने करियर की शुरुआत करने वाले नेमार ने 4 फीफा वर्ल्ड कप और 2 ओलंपिक में टीम का साथ दिया। वह ब्राजील की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने हैं और कुल 80 गोल दागे हैं। 16 साल के करियर में 130 इंटरनेशनल मैच खेले। वह कुछ समय के लिए ब्राजील की टीम के कप्तान भी रहे और 2016 के ओलंपिक में अपनी टीम को गोल्ड मेडल भी जितवाया। फिलहाल, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह क्लब गेम्स में खेलते रहेंगे या नहीं। खुद नेमार ने इसके बारे में कहा है कि वह अगले साल के बारे में नहीं जानते हैं कि क्या होगा।