इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऋषभ पंत के दिल्ली कैपिटल्स (DC) से वापस जुड़ने की खबरें हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, DC और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच बातचीत बन गई है। पंत पिछले दो सीजन से LSG का हिस्सा हैं। संजीव गोयनका की मालिकाना हक वाली इस फ्रेंचाइजी ने पंत के लिए 27 करोड़ रुपये की बोली लगाने के बाद उन्हें टीम की कमान भी सौंपी थी। हालांकि पंत उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे।
पंत कप्तानी और बल्लेलबाजी दोनों मोर्चे पर फ्लॉप रहे। उन्होंने हाल ही में IPL 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। अब खबर आ रही है कि कुलदीप यादव के बदले LSG उन्हें DC के साथ ट्रेड करना चाहती है। रिपोर्ट के अनुसार, IPL 2026 में DC केएल राहुल को कप्तान बना सकती है। पंत के LSG में जाने के बाद अक्षर पटेल ने दो सीजन में DC की कप्तानी की और वह एक बार भी टीम को प्लेऑफ में नहीं पहुंचा पाए। 2027 और 2028 सीजन में DC का मैनेजमेंट JSW संभालेगा। ऐसे में लीडरशिप में बदलाव तय माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बार्सिलोना या रियाल मैड्रिड, किस क्लब ने सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप विनर्स दिए हैं?
युवराज बन सकते हैं DC के बैटिंग कोच
टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज युवराज सिंह आगामी सीजन में DC के बैटिंग कोच बन सकते हैं। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली DC के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट का पद संभालेंगे और युवराज बैटिंग कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे। अगर युवराज DC की कोचिंग संभालते हैं तो IPL में किसी भी तरह के कोचिंग रोल में उनका यह पहला टर्म होगा। PTI से IPL के एक सूत्र ने कहा, 'DC के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव होगा, क्योंकि समझौते के अनुसार JSW 2027-28 सीजन के लिए मैनेजमेंट संभालेगा। वेणुगोपाल राव, हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी को नए सहयोगी स्टाफ के लिए जगह बनानी होगी, जिन्हें सह मालिक GMR ने नियुक्त किया था।'
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल एक शतक लगाते ही तोड़ देंगे धवन-कोहली का रिकॉर्ड, बाबर भी छूटेंगे पीछे
सूत्र ने आगे बताया, 'सौरव गांगुली डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट का पद संभालेंगे और युवराज बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।' समझौते के अनुसार सह मालिक GMR और JSW बारी-बारी से दो साल के लिए DC मेंस टीम का कामकाज संभालते हैं। माना जा रहा है कि गांगुली ही युवराज को टीम में शामिल करना चाहते थे, क्योंकि अपनी कप्तानी में उनका इस बाएं हाथ के बल्लेबाज पर काफी प्रभाव रहा है। इससे पहले गांगुली दो साल तक डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के तौर पर JSW की SA20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स और DC महिला टीम देख-रेख कर रहे थे।


