भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला आज (1 जुलाई) चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाना है। इंग्लैंड ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज के ओपनर के लिए अपनी प्लेइंग-XI की घोषणा कर दी है। अब सभी की निगाहें टीम इंडिया पर है। कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर पर वैभव सूर्यवंशी को खिलाने का दबाव बना हुआ है।
टीम मैनेजमेंट ने इस युवा सनसनी को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में नहीं उतारा था। उस सीरीज में भारतीय टीम की 0-2 से शर्मनाक हार के बाद अय्यर-गंभीर की तिखी आलोचना हुई है। लोगों का मानना था कि वैभव को न खिलाकर आखिर टीम ने क्या हासिल कर लिया?
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड से 9 साल से टी20 सीरीज नहीं हारी भारतीय टीम, आखिरी 10 मैचों में 7 जीती
वैभव के लिए क्यों मचा है इतना बवाल?
15 साल के वैभव इस साल की शुरुआत से ही फैंस की जुबान पर छाए हुए हैं। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 80 गेंद में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। इसके बाद वैभव ने IPL 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन ठोक भारतीय टीम में एंट्री ली। वैभव हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में 29 गेंद में 94 रन की धमाकेदार पारी खेलकर आ रहे हैं, जिससे उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका देने की मांग जोरों पर है।
श्रेयस ने मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ-साफ कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों को सपोर्ट किया जाएगा। यानी वैभव को इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट सरप्राइज दे सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि वैभव के प्लेइंग-XI में आने से किसे बाहर जाना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: ईशान किशन बने वर्ल्ड नंबर-1, अभिषेक शर्मा से छिन गया ताज
वैभव के लिए कौन खाली करेगा जगह?
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव पारी की शुरुआत करते हैं। उन्हें मौका देने के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी को तोड़ना होगा। अभिषेक के साथ वैभव ओपनिंग कर सकते हैं। वहीं संजू को नंबर-3 पर धकेला जा सकता है। ऐसा करने पर ईशान किशन को बाहर जाना पड़ेगा, जो तीसरे नंबर पर अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। संजू को ड्रॉप करना आसान नहीं है, क्योंकि उन्हें बाहर रखने पर टॉप-3 में सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हो जाएंगे और इससे टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ेंगी, जैसा कि टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था।
दूसरा रास्ता यह है कि अभिषेक शर्मा को बाहर बैठाकर वैभव को शामिल किया जा सकता है। इससे वैभव को संजू के साथ ओपनिंग का मौका मिल जाएगा और ईशान नंबर-3 पर आसानी से खेल सकते हैं। अभिषेक को बाहर करने पर बैटिंग ऑर्डर में ज्यादा छेड़छाड़ की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
इंग्लैंड की प्लेइंग-XI: फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डावसन, साकिब महमूद, आदिल रशीद, ल्यूक वुड
भारत की संभावित प्लेइंग-XI: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती


