सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडिन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के अपने आखिरी लीग स्टेज मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रन से हरा दिया। हालांकि इस बड़ी जीत के बावजूद SRH टॉप-2 में फिनिश नहीं कर पाई। शुक्रवार (22 मई) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में SRH ने 4 विकेट के नुकसान पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया था। उसे टॉप-2 में जाने के लिए RCB को 166 या उससे नीचे रोकना जरूरी था लेकिन रजत पाटीदार (39 गेंद में 56 रन) और क्रुणाल पंड्या (31 गेंद में नाबाद 41 रन) ने उसके आरमानों पर पानी फेर दिया।
पाटीदार-क्रुणाल पावरप्ले में 75 रन आने के बावजूद लक्ष्य का पीछा करने के लिए नहीं गए। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और सुनिश्चित किया कि RCB टॉप-2 में ही रहे, जिससे उसे अपना टाइटल डिफेंड करने के लिए 2 मौके मिलेंगे। RCB अब क्वालिफायर 1 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। वहीं SRH को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा। टॉप-2 में नहीं आने से SRH के खिताबी सूखे को खत्म करने के सपने को झटका जरूर लगा है लेकिन 2016 सीजन वाला संयोग उसे बड़ा बूस्ट दे सकता है।
यह भी पढ़ें: प्लेऑफ करीब आते ही बुरी तरह पिटे RCB के गेंदबाज, भुवी ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
क्या है 2016 वाला संयोग?
IPL 2016 में SRH ने RCB को हराकर खिताब जीता था। उस सीजन SRH पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर रही थी। उसने एलिमिनेटर और क्वालिफायर 2 जीतकर फाइनल में जगह बनाई और फिर RCB को 8 रन से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। वह एलिमिनेटर खेलकर IPL चैंपियन बनने वाली इकलौती टीम है। इस सीजन भी SRH एलिमिनेटर खेल रही है।
SRH ने मौजूदा सीजन में नंबर-3 पर फिनिश किया है। उसके पास RCB और गुजरात टाइटंस के बराबर 18 पॉइंट्स हैं। वह बस नेट रन रेट में पिछड़ गई। SRH 2016 सीजन में भी तीसरे नंबर पर रही थी। उस समय SRH और RCB के समान पॉइंट्स थे और ऑरेंज आर्मी नेट रन रेट से पिछड़ी थी। दिलचस्प बात है कि उस सीजन भी RCB के साथ टॉप-2 में वह टीम थी, जो गुजरात राज्य से एसोसिएट थी। तब गुजरात लायंस ने टेबल टॉप किया था।
2016 सीजन में RCB और SRH ने एक-दूसरे के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया था। इस सीजन भी कुछ ऐसा ही हुआ है। एक और संयोग यह है कि 2016 में SRH और RCB ने आमने-सामने की टक्कर में 1-1 की जीत हासिल की थी। मौजूदा सीजन में भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे को 1-1 मैचों में हराया है। ये कुछ ऐसे संयोग हैं, जिससे SRH फिर से चैंपियन बनती दिख रही है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच CSK स्टार ने लिया संन्यास, सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट
SRH के लिए 2016 और 2026 सीजन में समानताएं:
2016 सीजन
- पॉइंट्स टेबल में नंबर-3 पर रही
- RCB से NRR में पिछड़ने से टॉप-2 में फिनिश नहीं कर पाई
- RCB के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया
- RCB के खिलाफ 1 मैच हारी और 1 मैच जीती
- ऑस्ट्रेलियाई कप्तान
2026 सीजन
- पॉइंट्स टेबल में नंबर-3 पर रही
- RCB से NRR में पिछड़ने से टॉप-2 में फिनिश नहीं कर पाई
- RCB के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया
- RCB के खिलाफ 1 मैच हारी और 1 मैच जीती
- ऑस्ट्रेलियाई कप्तान
