टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 30वां मैच काफी रोमांचक रहा। यह मैच श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। श्रीलंकाई टीम ने यह मैच आसानी से जीत लिया। श्रीलंका ने यह मैच 8 विकेट से जीतकर सुपर 8 के लिए क्वॉलीफाई कर लिया। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं।

 

ऑस्ट्रेलिया को सुपर 8 की दौड़ में बने रहने के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इससे कंगारुओं के लिए सुपर 8 की राह मुश्किल हो गई थी।

 

यह भी पढ़ें: इटली को हराकर सुपर-8 में पहुंचा इंग्लैंड, अब किससे भिड़ना होगा?

ऑस्ट्रेलिया की पारी

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही। शुरू के 12 ओवर में उन्होंने 3 विकेट खोकर 127 रन बनाए। बाकी 8 ओवर में टीम ने 7 विकेट खोकर 54 रन बनाए। नतीजतन ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 181 रन पर ऑलआउट हो गई।

ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 56 रन बनाए, जबकि मिशेल मार्श ने 54 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दूषण हेमंथा ने तीन विकेट लिए, जबकि दुष्मंथा चमीरा ने दो विकेट लिए, जबकि महेश थीक्षाना, डुनिथ वेललेज और कामिंडू मेंडिस ने एक-एक विकेट लिया। जेवियर बार्टलेट और एडम जम्पा रन आउट हुए।

 

यह भी पढ़ें: बॉयकॉट से लेकर बेइज्जती तक... मोहसिन नकवी के सामने 6 बार हारा पाकिस्तान

श्रीलंका की पारी

टारगेट का पीछा कर रही श्रीलंका की शुरुआत भी जबरदस्त रही। पहले 12 ओवर में श्रीलंका ने एक विकेट खोकर 104 रन बनाए। बाकी आठ ओवर के अंदर टीम ने एक विकेट खोकर 80 रन बनाए। नतीजतन, श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट खोकर 184 रन बनाकर 12 गेंद बाकी रहते आठ विकेट से मैच जीत लिया।

श्रीलंका के लिए पथुम निसांका ने नाबाद 100 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे, जबकि कुसल मेंडिस ने 51 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने दोनों विकेट लिए, जबकि बाकी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज महंगे साबित हुए।

 

यह भी पढ़ें: सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को क्या करना होगा? पूरा समीकरण जानें

क्या ऑस्ट्रेलिया T20 वर्ल्ड कप 2026 से हो जाएगा बाहर?

ग्रुप बी में श्रीलंका सुपर 8 के लिए क्वॉलिफाई कर चुका है, जबकि ओमान एलिमिनेट हो गया है। ऑस्ट्रेलिया अपने ग्रुप में 3 मैचों में 2 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है। अब क्वॉलिफाई करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को ओमान के खिलाफ आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा और बाकी दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगा। अगर जिम्बाब्वे श्रीलंका या आयरलैंड में से किसी एक को हरा देता है, तो उसके टोटल 6 पॉइंट्स हो जाएंगे और ऑस्ट्रेलिया बाहर हो सकता है। अगर जिम्बाब्वे दोनों मैच हार जाता है और ऑस्ट्रेलिया ओमान के खिलाफ जीत जाता है, तो जिम्बाब्वे के 4-4 पॉइंट्स का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।