ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जिसमें भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होने वाली हैं। भारतीय टीम की निगाहें लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने पर है। टीम इंडिया अगर खिताब जीतने में सफल रहती है तो लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी।
भारत ने अब तक दो खिताब जीते हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया 2007 में चैंपियन बनी थी। वहीं रोहित शर्मा ने पिछले एडिशन में खिताब जिताया था। भारतीय टीम एक फाइनल भी हार चुकी है। उसे 2014 में श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। यह टीम इंडिया का चौथा फाइनल होगा, वहीं कीवी टीम दूसरी बार खिताबी मुकाबले में उतरेगी। न्यूजीलैंड इससे पहले 2021 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया ने शिकस्त दी थी।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन का अब हो गया... फाइनल में नहीं चलेंगे! खतरा होंगे ये 2 कीवी गेंदबाज
फाइनल में होगी बारिश?
अहमदाबाद में फाइनल के दिन बारिश का खतरा नहीं है। मैच के समय मौसम साफ रहेगा। तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं हवा 9 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश छोड़िए... आसामान में बादल छाए रहने तक की संभावना नहीं है। अगर बारिश होती है तो यह अप्रत्याशित घटना होगी।
बारिश होने पर मैच रिजर्व डे पर खेला जाएगा लेकिन इससे पहले कोशिश की जाएगी कि रविवार को ही नतीजा निकल जाए। इसके लिए कम से कम 10-10 ओवर का मैच होना जरूरी है। ICC के नियम के मुताबिक, मैच पूरा कराने के लिए 2 घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्या सचमुच 'पनौती' है नरेंद्र मोदी स्टेडियम, कैसा है भारत का रिकॉर्ड?
अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हुआ तो?
फाइनल के लिए निर्धारित दिन बारिश में धुल जाता है तो रिजर्व डे का इस्तेमाल होगा। रिजर्व डे पर वहीं से मुकाबला शुरू होगा, जहां पिछले दिन रुका था। अगर रिजर्व डे भी बारिश में पूरी तरह से धुल जाता है तो भारत और न्यूजीलैंड को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। ICC टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा एक ही बार हुआ है, जब खिताबी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा हो। भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाने वाला 2002 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल धुल गया था, जिसके बाद ट्रॉफी शेयर हुई थी।
दोनों टीमों का स्क्वॉड:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर
न्यूजीलैंड - टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, कोले मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी, ईश सोढ़ी, काइल जेमिसन, डेवोन कॉनवे
