बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित एक्सिस बैंक में जाली नोटों का मामला सामने आया है। जहां बैंक की कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) में 500 रुपये के 22 जाली नोट बरामद किए गए हैं। बैंक मैनेजर को जैसे ही इस बारे में पता चला, उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

इस मामले को लेकर बैंक मैनेजर अनिकेत राज ने कहलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मामले के बाद बैंक में नियमित रूप से कैश डिपॉजिट मशीन में जमा रुपये की जांच की गई। इसी दौरान 500 रुपये के 18 नोट संदिग्ध पाए गए। बैंक अधिकारियों ने जब मशीन में जमा राशि का गहन मिलान किया तो उसी खाते में चार और नकली नोट मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कुल मिलाकर 11 हजार रुपये के 22 जाली नोट बरामद किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: दोगुने कैश का लालच देकर फंसाते थे, बिहार में हाइटेक ठग गैंग का भंडाफोड़

 

बैंक मैनेजर का कहना है कि जाली नोट जमा कराने की यह साजिश 24 और 29 अप्रैल को अंजाम दी गई थी। आरोपितों ने चुपके से CDM मशीन में नोट डालने की कोशिश की थी। हालांकि बैंक की जांच प्रक्रिया में नोट पकड़ में आ गए और उन्हें तुरंत अलग कर उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई।

 

पुलिस कर रही है मामले की पड़ताल

 

घटना के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर जाली नोट मशीन तक कैसे पहुंचे? साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं। बैंक से जुड़े खाताधारकों, कर्मचारियों और तकनीकी टीम से पूछताछ की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी जाली नोट के नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

 

इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अगर बैंक की मशीनों तक जाली नोट पहुंच रहे हैं, तो आम लोग आसानी से ठगी का शिकार हो सकते हैं। वहीं बैंक प्रशासन ने ग्राहकों से अपील की है कि नकद लेन-देन में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत बैंक या पुलिस को दें।

 

यह भी पढ़ें: पति के साथ मिलकर बॉयफ्रेंड को मार डाला, ड्रम में डालकर नाले में फेंक दी लाश

 

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि (CCTV) सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह मामला कहलगांव में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों के बीच बैंकिंग सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।