नीट परीक्षा से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक 22 वर्षीय छात्र ने जान दे दी। इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी दो उम्मीदवारों ने आत्मघाती कदम उठाया था। गाजियाबाद में खौफनाक कदम उठाने वाले छात्र की पहचान जतिन कुमार के रूप में हुई है। जतिन के फोन से एक वीडियो भी मिला है। अब इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना गाजियाबाद के विजय नगर के एच-ब्लॉक की है। जतिन नीट की तैयारी कर रहा था। परिवार ने बताया कि गुरुवार की आधी रात तक जतिन ने टहल-टहलकर पढ़ाई की। सुबह जब उसे जगाने पहुंचे तो वह मृत मिला। तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। विजय नगर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पहुंची।
यह भी पढ़ें: 'दो घंटे भी इजरायल न टिकता', क्या ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फूट पड़ गई
पुलिस ने बताया कि उसे जतिन का शव फर्श पर पड़ा मिला और छत वाले पंखे से बंधी रस्सी टूटी थी। बताया जा रहा है कि जतिन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके इस खौफनाक कदम के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा है। उधर, जांच के दौरान ही पुलिस को जतिन के मोबाइल से 1 मिनट और 4 सेकंड का वीडियो मिला है। वीडियो में जतिन ने अपना पूरा कमरा दिखाया। छत के पंखे से लटकते फंदे की तरफ इशारा किया और कहा, 'आज कुछ अलग करने की सोच रहा था।'
सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने कहा कि छात्र का एक वीडियो मिला है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। पुलिस वीडियो और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: अपने रिस्क पर करें ट्रेन यात्रा, दिल्ली में प्लेटफॉर्म पर ही युवक की हत्या
वीडियो के आधार पर पुलिस ने बताया कि जतिन नीट परीक्षा की वजह से तनाव में नहीं था। न ही उस पर कोई दबाव था। वीडियो में उसने यह भी बताया कि उसने पिता ने परीक्षा का तनाव नहीं लेने की बात कही थी। उसने आगे कि मैं परीक्षा पास करना चाहता हूं। अगर पास हुआ तो लोग वीडिो देखेंगे। अगले ही पल रिकॉर्डिंग समाप्त हो जाती है। अब पुलिस वीडियो की भी जांच करेगी।
19 मार्च की सुबह 8:00 बजे एक युवक (22 वर्ष) के सुसाइड की सूचना थाना विजयनगर को मिली। इस सूचना पर तत्काल मौके पर थाना विजयनगर की पुलिस पहुंची व परिवारजन को सूचना दी गई। शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा, पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। युवक द्वारा सुसाइड करने से पहले एक वीडियो बनाया गया था, जिसकी जांच पुलिस की जा रही है। इस संबंध में अन्य तथ्यों की भी जांच हो रही है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है। - उपासना पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली नगर।
'बहुत खुशमिजाज बच्चा था'
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि घटना के वक्त वह वहां मौजूद नहीं थे। जतिन एक खुशमिजाज और बहुत अच्छे स्वभाव का था। बच्चे या परिवार पर नीट परीक्षा का कोई दबाव नहीं था। रात 8 बजे तक वह अपने दादाजी से बहुत प्यार से बात कर रहा था। हम सब इस कदम से बहुत हैरान है।


