महाराष्ट्र के मुंबई में एक हैरान कर देने वाला हादसा हुआ। यहां एक 25 साल के कार डीलर की मौत उस समय हो गई जब वह एक सेकंड-हैंड कार की जांच कर रहा था। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ी कार का निरीक्षण करते वक्त उसके स्टीयरिंग में लगा एयरबैग अचानक खुल गया। एयरबैग का प्लास्टिक कवर तेजी से निकलकर सीधे उसकी गर्दन पर लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। उसे बचाने की कोशिश की गई लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

 

मरने वाले युवक की पहचान मोहित सुरेश सोनी के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह बुधवार दोपहर को एक होंडा कार देख रहा था, जिसे दूसरे कस्टमर को बेचा जाना था। शुरुआती जांच में टक्कर या एक्सीडेंट के कोई निशान नहीं मिले। हालांकि, एयरबैग का अचानक खुलना अभी भी जांच का विषय है।

 

यह भी पढ़ें: बच्ची को कुचलकर भागा ट्रक, 60 किमी तक पीछा करती रही पुलिस; ड्राइवर गिरफ्तार

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

चश्मदीदों के अनुसार, एयरबैग खुलते ही उसका कवर तेज झटके के साथ मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से से टकराया। गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल मोहित को भायंदर स्थित पंडित भीमसेन जोशी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

RTO करेगा जांच

पुलिस के मुताबिक, यह 15 साल पुरानी होंडा कार थी और उसके पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट भी था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य और खून के नमूने जुटाए हैं। साथ ही क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को कार के मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन में पहले कभी एयरबैग से जुड़ी कोई तकनीकी समस्या सामने आई थी या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: 2028 तक एक्सपायरी, फिर भी नकली निकलीं सेटाफिल की बोतलें, FDA ने किया जब्त

 

एयरबैग आमतौर पर हादसे के वक्त यात्रियों की जान बचाने के लिए कुछ ही मिलीसेकंड में खुलता है। लेकिन अगर बिना किसी टक्कर के ही एयरबैग खुल जाए, तो वह खुद गंभीर चोट का कारण बन सकता है। मोहित के परिवार ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर एयरबैग बिना एक्सीडेंट के अचानक क्यों खुला और इस दर्दनाक हादसे की असली वजह क्या थी।