हरियाणा के गुरुग्राम में एक 36 वर्षीय शख्स का शव फंदे से लटका मिला। परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले शख्स की पत्नी ने तलाक मांगा था। इसके बाद ही उसने यह कदम उठाया। घटना गुरुग्राम के सूरत नगर की है। मृतक की पहचान संजीव यादव के तौर पर हुई। वह मूलरूप से अमृतसर का रहने वाला था।
संजीव मल्टीनेशनल 'डेंसो' कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर के पद पर नौकरी करता था। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त पत्नी मनप्रीत कौर और सात साल का बेटा मौजूद था। बेटा मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहा था, जबकि महिला पति के शव को नीचे उतारने की खातिर मदद की गुहार लगा रही थी।
यह भी पढ़ें: 'PM मोदी मेरी बच्ची को गोद ले लो', 'वायरल' लड़की की मांं ने ऐसा क्यों कहा?
भाभी और भाई में चल रहा था झगड़ा: ननद
संजीव की बहन किरण का आरोप है कि भाभी और भाई के बीच झगड़ा हुआ था। अगर भाभी ने तलाक नहीं मांगा होता तो भाई खुदकुशी नहीं करता। पुलिस ने बताया कि मनप्रीत ने घटना की जानकारी तुरंत सास-ससुर और अपने परिवार को फोन पर दी। हालांकि परिवार की शिकायत पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता ने जताया हत्या का शक
संजीव के पिता रामसेवक यादव ने शक जताया कि बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। यह भी बताया कि बेटे और बहू में कुछ समय से विवाद चल रहा था।
अंबाला की रहने वाली है मनप्रीत
पुलिस के मुताबिक मनप्रीत अंबाला की रहने वाली है। दोनों की मुलाकात डेंसो में ही काम करते वक्त हुई थी। 2018 में दोनों की शादी हुई। 2019 में बेटे को जन्म देने के बाद मनप्रीत ने अपनी नौकरी छोड़ दी।
यह भी पढ़ें: मॉस्को में आतंकी हमला, रेस्तरां में बम धमाके में 3 की मौत; 21 घायल
क्या बोली पुलिस?
जांच अधिकारी व सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया, 'पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।'
