महाराष्ट्र के मुंबई में बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। बस में 18 बच्चे सवार थे, जिनमें से 13 बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि 11 साल विहान श्रीवास्तव की दुर्भाग्यवश जान चली गई। मृत बच्चे के परिवार में दुख का माहौल है। उसकी मां गहरे सदमे में हैं और वह बेटे का क्रिकेट बैट लेकर घंटों रोती रहीं।श्रीवास्तव
यह घटना मुंबई के चेंबूर की है, जहां मंगलवार को विहान श्रीवास्तव स्कूल बस से घर लौट रहा था। उसी दौरान बस के ऊपर एक पेड़ गिर गया। इस दुर्घटना में दो लड़कियों समेत कुल 4 बच्चे घायल हुए, जिन्हें पास के जेन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विहान के अलावा सभी बच्चों को मामूली चोटें आई थीं और अब वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें: ससुर को अफेयर का शक था, बहू के कथित प्रेमी को जान से मार डाला
बस में फंसे बच्चे
बस पर पेड़ गिरने के बाद 18 बच्चे बस के अंदर ही फंस गए थे। इसके बाद मौके पर बीएमसी अधिकारी पहुंचे, जिन्होंने क्रेन की मदद से बस के ऊपर से पेड़ का मलबा हटाया। साथ ही रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और फंसे हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कई बार बीएमसी को पत्र लिखकर इस पेड़ को कटवाने की मांग की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी ऐसी दुर्घटनाएं हो चुकी थीं, इसलिए वे लोग इस पेड़ को हटवाना चाहते थे।
यह भी पढ़ें: बिहार के रेडियो ऑपरेटर एग्जाम में सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश, 15 आरोपी गिरफ्तार
विहान की मां दुख से बेहाल
विहान की मां जूही अपने बेटे की मौत की खबर सुनकर बेहद दुखी हैं। वह घंटों विहान का क्रिकेट बैट लेकर रोती रहीं। विहान के पड़ोसियों ने बताया कि वह बेहद अच्छा बच्चा था और बड़ा होकर क्रिकेटर बनना चाहता था।
विहान की पड़ोसी राजी मल्होत्रा ने कहा, 'वह अक्सर मेरे घर आता था। वह मुझसे कहता था, 'आंटी, मैं आगे भी क्रिकेट खेलना चाहता हूं।' इसी वजह से वह मेरे बेटे देव से क्रिकेट खेलना सीखता था।'
इसके साथ ही एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि विहान की मां उसे बेहद प्यार करती थीं। जब विहान घर पर नहीं होता था, तो वह वीडियो कॉल करके उससे बात करती थीं। आज भी वह उसका क्रिकेट बैट लेकर इस उम्मीद में बैठी थीं कि उनका बेटा स्कूल से घर आएगा और क्रिकेट खेलने जाएगा। विहान की मां के लिए यह समय बेहद कठिन है।


