संजय सिंह, पटना। बिहार में बढ़ते अपराध, सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। राजधानी पटना में मंदिरी नाले पर बनी नई सड़क के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और जनसुनवाई को लेकर कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि बिहार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को पूरी छूट दे दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आईटी आधारित निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत थाना, अंचल और सरकारी कार्यालयों में बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि यह निगरानी हो सके कि कौन अधिकारी कैसे काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब केवल जनता ही नहीं, बल्कि अफसरों की कार्यशैली भी सरकार की निगरानी में रहेगी।
अधिकारी बिना सूचना दिए करें निरीक्षण
सम्राट चौधरी ने सभी डीएम और एसपी को निर्देश दिया कि वे बिना सूचना दिए क्षेत्रों का निरीक्षण करें और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जाति या राजनीतिक पहचान से कोई फर्क नहीं पड़ता, सरकार के लिए केवल कानून मायने रखता है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देगा तो 48 घंटे के भीतर उसे जवाब मिलेगा।
यह भी पढ़ें: मां के प्रेमी को ईंट से कुचलकर मार डाला, फिर बारात में चला गया, आरोपी गिरफ्तार
सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई जिलों में अतिक्रमण हटाने का अभियान मिशन मोड में चल रहा है और इसे आगे और तेज किया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत की। अब राज्य के लोग ऑनलाइन माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए सहयोग पोर्टल शुरू किया गया है। साथ ही सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 भी लॉन्च किया गया है, जो सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक सक्रिय रहेगा। सरकार का दावा है कि हर शिकायत का निपटारा 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा और समाधान के बाद शिकायतकर्ता को लिखित सूचना भी दी जाएगी।
समस्या के समाधान के लिए लगाया जाएगा शिविर
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ लगाया जाएगा, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने की कोशिश होगी। सरकार इसे जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की नई पहल मान रही है।
यह भी पढ़ें: यूट्यूब वीडियो के चक्कर में झगड़ा, परीक्षा देकर निकले छात्र को जान से मार डाला
पटना में मंदिरी नाले पर बनी सड़क को मुख्यमंत्री ने राजधानी के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह इलाका लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा था, लेकिन अब लोगों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में यह इलाका तेजी से कमर्शियल हब के रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले एक महीने में दीदारगंज से कच्ची दरगाह पुल का उद्घाटन किया जाएगा और साथ ही पटना में वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत भी होगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से बिहार आर्थिक रूप से मजबूत बन रहा है।
