देशभर में चीनी की बढ़ती हुई कीमत को लेकर बवाल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इसके बारे में चर्चा कर रहे हैं। इसी बीच बिहार सरकार के एक मंत्री ने इस मुद्दे पर हैरान कर देने वाला बयान दिया है।  बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इससे ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आजकल लोग वैसे भी कम चीनी खा रहे हैं।

 

मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे चीनी के बढ़ते दामों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'ऐसे भी चीनी कम खा रहे हैं लोग। सबको आजकल बीमारी हो गया। मिठाई-ओठाई कौन खाता है आजकल। आजकल तो सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीनी की कीमत बढ़ने से लोगों पर ज्यादा फर्क पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: अधिकारी ने बनाई 3.43 करोड़ की संपत्ति, छापेमारी में खुले कई राज

 

चीनी पर दिया अजीब बयान

मंत्री ने इससे आगे चीनी को लेकर ज्ञान भी दिया। उन्होंने  मुस्कुराते हुए अपनी बात दोहराई और कहा कि आजकल लोग मिठाई कम खाते हैं, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग डायबिटीज से परेशान हैं। उन्होंने कहा, 'मैं समझता हूं कि चीनी के दाम बढ़ने से कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ने वाला है।'

सोशल मीडिया पर आलोचना

चीनी की बढ़ती कीमत के बीच उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उनकी इस बयान के लिए आलोचना हो रही है। लोग उनके तर्क का मजाक भी उड़ा रहे हैं और हैरानी जता रहे हैं कि इस तरह के लोग जिम्मेदार पदों पर बैठे हुए हैं। एक व्यक्ति ने लिखा कि यह न्यू इंडिया की पहचान है जहां बीमारी को कम करने के लिए चीनी की कीमत बढ़ाई जाती है। उनके इस बयान के बहाने लोग भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साध रहे हैं और उन्हें कांग्रेस के शासन काल की याद दिला रहे हैं कि किस तरह से लोग सड़कों पर विरोध करने उतर जाते थे। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार: चारा काटने गई थीं महिलाएं, बदमाशों ने एक को मार डाला, दूसरी घायल

कांग्रेस को घेरा

मंत्री ने भले ही चीनी पर अपने बयान से सबको हैरान कर दिया लेकिन उन्होंने अगले ही सवाल में कांग्रेस को घेरा। वंदे मातरम पर हो रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि वंदे मातरम जो देश के सम्मान में गीत गाए जा रहे हैं। उस पर किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए। जो लोग ऐतराज कर रहे हैं। वो देश की जनता का सम्मान नहीं कर रहे हैं। इसमें सरकार को कोई कानून नया बनाना चाहिए। देश की भावना के खिलाफ काम करने वाले लोगों के ऊपर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।