बिहार में शराबबंदी के बाद बढ़ते सूखा नशा के खिलाफ भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद की है। नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबू टोला में छापेमारी कर पुलिस ने 1 किलो अफीम के साथ महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। भागलपुर में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि भागलपुर पुलिस द्वारा लगातार स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर नामक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबू टोला में अमलेश यादव के घर में बड़े पैमाने पर का कारोबार हो रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और बाबू टोला स्थित अमलेश के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही अमलेश घर से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस ने मौके पर पीछा कर दबोच लिया।

 

यह भी पढ़ें:  JNU छात्रों की भूख हड़ताल, न्यूट्रल वॉशरूम से लेकर ट्रांसजेंडर हॉस्टल की मांग

अमलेश के साथ महिला काजल भी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो एक किलो ग्राम अफीम बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम का अनुमानित बाजार मूल्य 2 करोड़ रुपये है। मौके से अमलेश के साथ एक महिला काजल कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अफीम कहां से लाया गया था और भागलपुर में कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।

 

सिटी एसपी ने बताया कि भागलपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र से पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद हुआ है। यह कार्रवाई नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी के बाद सूखा नशा का चलन बढ़ा है। युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। इसे रोकने के लिए भागलपुर पुलिस द्वारा स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर नामक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है।

 

यह भी पढ़ें: 17 साल के नाबालिग ने 16 हजार में बुक की ऑडी, शख्स को कुचला, मौत हो गई

पुलिस कर रही जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार अमलेश  लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था। वह बाहर से स्मैक लाकर भागलपुर में सप्लाई करता था। उसके साथ गिरफ्तार महिला काजल कुमारी भी इस धंधे में शामिल थी। पुलिस दोनों के नेटवर्क की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह भागलपुर के अलावा आसपास के जिलों में भी अफीम सप्लाई करता था। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

 

भागलपुर में पिछले कुछ महीनों में अफीम और ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ी है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में अफीम पहली बार पकड़ा गया है। 1 किलो स्मैक की कीमत 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जो इस बात का संकेत है कि यह कारोबार कितने बड़े पैमाने पर फैल रहा है। पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: 'हमें लगा कि आग लगी है', फायर ब्रिगेड बुलाकर धुलवाया BJP विधायक का घर

पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी

सिटी एसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर भागलपुर में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है। स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे का कारोबार हो रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।