संजय सिंह, पटना। बिहार में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 27 भारतीय पुलिस सेवा और दो बिहार पुलिस सेवा अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की गई है। इस व्यापक बदलाव के बाद कई महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की तैनाती की गई है।
सरकार के इस फैसले को राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादलों की इस सूची में वैशाली, औरंगाबाद, बांका, पूर्णिया, कटिहार, शिवहर, कैमूर, शेखपुरा और सहरसा जैसे अहम जिले शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: 'रामभक्तों पर लाठी भांजने वाले उपदेश...', चंदा चोरी पर SP को घेर रहे CM योगी
पूर्णिया के नए एसएसपी शौर्य सुमन
सबसे चर्चित नियुक्तियों में बेतिया के एसपी शौर्य सुमन को पूर्णिया का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार गौतम को बेतिया का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। बांका के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को औरंगाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अमितेश कुमार बांका के नए एसपी होंगे।
शिवहर के नए SP शैलेंद्र सिंह नियुक्त
राजधानी पटना में भी सुरक्षा नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है। वहीं पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार को कटिहार की कमान सौंपी गई है। गया के सिटी एसपी कोटा किरण कुमार अब जहानाबाद के एसपी होंगे, जबकि भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह को शिवहर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
नई नियुक्तियों के तहत शुभांक मिश्रा को वैशाली, राजेश कुमार को बगहा, शिखर चौधरी को कैमूर तथा हिमांशु को शेखपुरा का नया एसपी बनाया गया है। वहीं वैशाली के पूर्व एसपी विक्रम सिहाग अब सहरसा जिले की कमान संभालेंगे।
महिला अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
इस तबादला सूची की सबसे खास बात यह रही कि कई महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। बिहार पुलिस सेवा की अधिकारी ममता कल्याणी को पटना की नई सेंट्रल सिटी एसपी नियुक्त किया गया है। नालंदा के हिलसा अनुमंडल की एसडीपीओ शैलजा को पटना का पूर्वी सिटी एसपी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: इंंस्टा पर दोस्ती, बर्थडे पार्टी में बनाए रिश्ते, अब शादी से मुकरा, रेप केस दर्ज
इसके अलावा पटना की एसडीपीओ-2 दिव्यांजली जायसवाल को गया की ग्रामीण एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं खगड़िया के गोगरी की एसडीपीओ साक्षी कुमारी को दरभंगा का ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
पटना और भागलपुर में भी बदली कमान
मुंगेर के तारापुर के एसडीपीओ संकेत कुमार को पटना का नया पश्चिमी सिटी एसपी बनाया गया है। वहीं रोहतास के डेहरी अनुमंडल के एसडीपीओ अतुलेश झा को भागलपुर का नया सिटी एसपी नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और नई कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि नए अधिकारियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिलेगा।


