बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने पटना में प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल की ओर से महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और न्याय दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता और महिलाएं सड़क पर उतरीं। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इनकम टैक्स गोलंबर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
RJD कार्यकर्ता दोपहर में प्रदेश कार्यालय में जुटे। यहां से पोस्टर और बैनर लेकर मार्च शुरू किया गया। महिलाएं आगे-आगे चल रही थीं और नारे लगा रही थीं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को न्याय देने, मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने और बेटियों की सुरक्षा को लेकर नारे लगाए गए। प्रदेश कार्यालय से वीरचंद पटेल पथ होते हुए कार्यकर्ता इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
यह भी पढ़ें: बिहार में वीर कुंवर सिंह संग्रहालय का होगा कायाकल्प, बढ़ेंगी पर्यटक सुविधाएं
प्रदेश कार्यालय से निकला मार्च
प्रदेश RJD नेता एजाज अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय से महिलाओं और नेताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सभी नारेबाजी करते हुए वीरचंद पटेल पथ होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और महिलाएं पोस्टर-बैनर लेकर मार्च में शामिल हुए।
एजाज अहमद ने कहा, 'महिलाओं ने जमुई की घटना को लेकर राज्य सरकार से न्याय की मांग की। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सरकार जवाब दे।' प्रदर्शनकारी महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
यह भी पढ़ें: बिहार की डिजिटल खेती देखने पटना पहुंचा केन्या का दल, कृषि मंत्री ने किया स्वागत
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
एजाज अहमद ने कहा, 'जमुई की घटना ने पूरे बिहार को शर्मसार किया है।' उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के तीन दिन बाद भी मुख्यमंत्री ने अपनी कही बात पर अमल नहीं किया। उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री को उनकी बात याद दिलाने के लिए पटना की सड़कों पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया और पुतला जलाया।'
RJD नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के स्तर पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। नेताओं ने कहा कि सरकार में बैठे कुछ लोगों के बयानों से महिलाओं में नाराजगी है और उन्हें लग रहा है कि बिहार सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। RJD नेताओं ने मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष तथा खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'इस तरह की बयानबाजी करने वालों को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए।'
