उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता और कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह का परिवार एक नई मुसीबत में फंस गया है। प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह पर आरोप लगा है कि उन्होंने कांग्रेस में जबरन शामिल होने के लिए एक परिवार के साथ गाली-गलौज की है और धमकाया है। वह जबरन उस परिवार की बेटियों को कांग्रेस में शामिल करना चाहते है। अब पीड़ित परिवार के खुलासे के बाद कांग्रेस की चौतरफा आलोचना हो रही है।
कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों के खिलाफ उत्तराखंड में केस भी दर्ज किया है। प्रीतम सिंह के भाइयों पर एक व्यक्ति को धमकाने और उसे कांग्रेस में शामिल होने के लिए मजबूर करने का आरोप है। उनके खिलाफ दो लड़कियों ने तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने उत्तराखंड में ढूंढा 'आटा चक्की' स्कैम, खुद फंसी, क्या है नया बवाल?
क्या कह रही हैं पीड़ित लड़कियां?
बालक राम चौहान की बेटी दीक्षा चौहान ने कहा कि उनका परिवार कांग्रेस समर्थक रहा है। उन्होंने छात्र संघ चुनावों में उतरने का फैसला लिया तो प्रीतम सिंह के भाई भड़क गए, उनके पिता को गालियां दीं। उनका कहना है कि वे किसी दल के साथ नहीं है बल्कि निर्दलीय अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस यह भी करने से रोक रही है।
दीक्षा चौहान और उनकी बहन कॉलेज में छात्र संघ का चुनाव लड़ रही हैं। संयुक्त सचिव और महासचिव के पदों पर दोनों बहनों उतरीं थीं। अब उन पर कांग्रेस में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है।
दीक्षा चौहान:-
मैंने और मेरी बहन ने अपने कॉलेज में छात्र संघ का चुनाव लड़ा था। हमने महासचिव और संयुक्त सचि के पदों के लिए चुनाव लड़ा। हम किसी भी राजनीतिक दल के समर्थन के बिना, निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खड़ी हुई थीं। मेरा परिवार कांग्रेस पार्टी का समर्थक है। कुछ लोगों ने कांग्रेस नेताओं से कह दिया कि हम बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
दीक्षा चौहान ने आरोप लगाया है, 'कांग्रेस नेताओं खासकर चमन सिंह और राजपाल के भाई ने मेरे पिता को फोन किया। फोन पर उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मेरे पिता को धमकी भी दी। यहीं से यह पूरा मामला शुरू हुआ। बात एक साधारण कॉलेज चुनाव से शुरू हुई थी, जो अब एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।'
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: उत्तराखंड में बिखरी कांग्रेस, कलह छोड़कर एक कैसे हो गई है?
हरीश रावत ने कहा- सरकार की साजिश
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत ने कहा है कि प्रीतम सिंह को जबरन झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश हो रही है। उन्होंने लिखा, 'प्रीतम सिंह, कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन हैं। 6 बार के विधायक हैं। लोकतंत्र में सत्ता आती है, सत्ता जाती है, लेकिन राजनीतिक शिष्टाचार लोकतंत्र की शक्ति है, वह शाश्वत है और उत्तराखंड के अंदर राजनीतिक संस्कृति समाप्त की जा रही है।
उत्तराखंड बीजेपी ने क्या कहा है?
बीजेपी नेता मधु चौहान ने कहा, 'हमने कांग्रेस पार्टी के पुतले जलाए हैं। प्रीतम सिंह के भाइयों की ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है। ऑडियो में इस्तेमाल की गई भाषा इतनी भद्दी और आपत्तिजनक है कि सभ्य समाज में उसे दोहराया भी नहीं जा सकता। जो व्यक्ति बोल रहा है, वह कोई आम इंसान नहीं है, वह कई बार जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख रह चुका है। विधायक का भाई होने के नाते, उसने हमेशा डरा-धमकाकर और गुंडागर्दी के दम पर चुनाव जीते हैं। यही उसकी चुनावी सफलता का आधार रहा है।'
मधु चौहान ने कहा, 'इस बार, एक परिवार ने इसके खिलाफ खड़े होने की हिम्मत दिखाई है। उन्होंने आवाज उठाने का साहस किया है। गौर करने वाली बात यह है कि यह वही परिवार है जिसने हमेशा कांग्रेस को वोट दिया है, फिर भी उन्हें इस तरह के बर्ताव का सामना करना पड़ा। आने वाले समय में, ऐसे और भी कई परिवार सामने आएंगे और वे चकराता में कांग्रेस के गढ़ को ध्वस्त कर देंगे।'
