उत्तर प्रदेश में TGT-PGT शिक्षक भर्ती की पुरानी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर प्रयागराज में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोसन मंगलवार को भी जारी रहा। इस बीच प्रदर्शनकारियों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मांग को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। इस आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंत्री को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) को पत्र लिखना चाहिए और ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास होना चाहिए, जिससे मौजूदा नियमों से प्रभावित अभ्यर्थियों को एक अवसर मिल सके।

 

मुख्यमंत्री ने कहा, 'प्रयागराज में कुछ युवा धरने पर बैठे हैं, मैंने माध्यमिक शिक्षा के मंत्री जी से आज कहा है कि NCTE को पत्र लिखें।' मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार के लिए उन बच्चों को राहत दी जाए और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि वे निश्चित समय के बाद संबंधित परीक्षा में शामिल हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए कोई न कोई व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: मालिक ने नहीं दिया 10 हजार वेतन, नौकर ने पेट्रोल से फूंक दिया 24 करोड़ का सामान

क्या है पूरा मामला?

TGT-PGT भर्ती की नियमावली में बदलाव के विरोध में प्रयागराज में अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि आगामी भर्ती को पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर कराया जाए। छात्रों का कहना है कि उन्होंने सालों से पुराने नियमों और परीक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयारी की है। नई व्यवस्था लागू होने से ऐसे अभ्यर्थियों का एक बड़ा वर्ग भर्ती प्रक्रिया में आवेदन कर ही नहीं पाएगा। इसके चलते प्रयागराज में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। 

क्या बोले छात्र?

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद छात्रों में जश्न का माहौल है। इस बयान के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने सीएम योगी के समर्थन में नारे भी लगाए। उन्होंने इसे आंदोलन की पहली जीत बताया है। छात्रों का कहना है कि सीएम योगी के इस बयान से साफ हो गया है कि छात्रों की मांग उन तक पहुंच गई है। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में 4 'गौ वन' बनाने का एलान, CM सैनी के निर्देश पर दी जाएगी गोचर भूमि

समाजवादी पार्टी पर बोला हमला

इस बयान के साथ ही सीएम योगी ने अपने विरोधियों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने बताया कि पिछले 9 साल में उनकी सरकार 9 लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दे चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि आज 3568 को आज नियुक्ति पत्र दे रहे हैं और पिछले दो हफ्तों में 5 हजार से ज्यादा छात्रों को नियुक्ति पत्र दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने सैफई सिंडिकेट को कहा है कि हम नौकरी देते जाएंगे और आप गिनते रहें। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव के साथ बैठ जाएं वह उन्हें गिनती सीखा देंगे।