तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में फूड सेफ्टी विभाग (TG SAFE) ने गुरुवार, 12 नवंबर को शहर के नामी फूड चेन आउटलेट्स के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई में KFC के 7 और Domino’s के 2 आउटलेट्स के फूड लाइसेंस (FSSAI) तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए हैं। उन्हें कामकाज बंद करने का आदेश दिया गया है। जांच के दौरान इन रेस्टोरेंट्स की रसोई में कॉकरोच, चूहे की गंदगी, एक्सपायर्ड सामान और पुराने तेल को केमिकल से साफ कर दोबारा इस्तेमाल करने जैसी गंभीर लापरवाही पकड़ी गई है।

 

अधिकारियों की 13 टीमों ने पुलिस के साथ मिलकर CURE रीजन के कुल 26 आउटलेट्स पर छापेमारी की थी। जांच में जो तस्वीरें सामने आईं। वे बेहद चौंकाने वाली थीं। इन किचन में साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं था। कस्टमर की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा था।

 

यह भी पढ़ें: NCP के दोनों गुटों के विलय की अटकलें तेज, क्या फिर एक होंगे शरद और सुनेत्रा गुट?

किचन में मिली गंदगी और केमिकल का खेल

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई गंभीर खामियां मिलीं। रसोई में कॉकरोच और मक्खियां घूम रही थीं, दीवारों पर फफूंद लगी थी और जगह-जगह चूहे की बीट पड़ी मिली। खाना बनाने के बर्तन बेहद चिकने और गंदे थे। स्टोरेज में एक्सपायर्ड खाने की चीजे रखे गए थे। 

 

कुछ आउटलेट्स में बिना किसी अनुमति के 'मैग्नीशियम सिलिकेट' नाम के केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि जले हुए पुराने कुकिंग ऑयल को छानकर दोबारा खाने में इस्तेमाल किया जा सके। छापेमारी में ऐसा करीब 52 किलो सिंथेटिक केमिकल जब्त किया गया है।

 

9 आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड

विभाग ने जिन आउटलेट्स को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है उसमें शामिल KFC के 7 आउटलेट्स हैं- मदीनागुड़ा-मियापुर, सिंधी कॉलोनी (सिकंदराबाद), पंच मोहल्ला (चारमीनार), मूसारामबाग, बंजारा हिल्स, शिल्पकला वेदिका (हाईटेक सिटी), इनऑर्बिट मॉल (माधापुर)। Domino’s के 2 आउटलेट्स में शरत सिटी मॉल (कोंडापुर), इनऑर्बिट मॉल (माधापुर) शामिल है। 

 

अधिकारियों ने साफ किया है कि इन सभी 9 आउटलेट्स की जानकारी स्विगी (Swiggy) और जोमैटो (Zomato) जैसे ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स को भी भेजी जा रही है। जब तक इनके लाइसेंस बहाल नहीं हो जाते, तब तक इन्हें ऐप्स से हटा दिया जाने का निर्देश दिया गया है।

अन्य आउटलेट्स को भी नोटिस

लाइसेंस सस्पेंड करने के अलावा विभाग ने अन्य ब्रांचों पर भी सख्ती दिखाई है। सुधार के नोटिस 8 आउटलेट्स को मिले है जिसमें निजामपेट, मियापुर, हिमायतनगर और मलकपेट के 4 Domino’s आउटलेट्स तथा शरत सिटी मॉल (कोंडापुर), कारखाना, हिमायतनगर और शेखपेट के 4 केएफसी आउटलेट्स को व्यवस्था सुधारने का नोटिस दिया गया है। इनकी दोबारा जांच की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा: ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स, सीएम आवास का करेंगी घेराव

 

साथ ही कारण बताओ नोटिस 5 आउटलेट्स को मिले है जिसमें गंभीर नियमों के उल्लंघन के चलते कारखाना, गाचीबोवली और हाईटेक सिटी के 3 Domino’s आउटलेट्स और निजामपेट व गाचीबोवली के 2 केएफसी आउटलेट्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनके जवाब के आधार पर आगे जुर्माना या कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग ने मिलावट के शक में 20 खाने के सैंपल भी जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।