लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। शमशाबाद थाना क्षेत्र के कुटकपुर गांव में कमरे में कूलर चलाकर सो रहे दंपति की रात में करंट लगने से मौत हो गई। रविवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा। अंदर पति-पत्नी बिस्तर पर अचेत पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि चार मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। जानकारी के अनुसार, शमशाबाद के कुटकपुर गांव निवासी जगदीश कुमार (40) गांव में परचून की दुकान चलाते थे और खेती भी करते थे। शनिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचे और पत्नी शशि (35) के साथ कमरे में सो गए। कमरे में कूलर चल रहा था।
कूलर के तार से फैला करंट
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रात में कूलर में करंट उतर आया। बताया जा रहा है कि कूलर का तार कमरे में रखी लोहे की संदूक से चिपक गया, जिससे करंट फैल गया। इसी दौरान पति-पत्नी उसकी चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: मां के गहने बेचकर बनवाई थी रामचरितमानस, राम मंदिर से लापता कैसे हुई?
दरवाजा तोड़ा तो सामने था दर्दनाक मंजर
रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो दोनों बिस्तर पर अचेत पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
जगदीश और शशि की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। उनके चार बच्चे हैं- 13 वर्षीय मोना, 10 वर्षीय सोना, 9 वर्षीय सूर्य और 7 वर्षीय हेमंत। माता-पिता की एक साथ मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से उनका साया उठ गया। घटना के बाद बच्चों को उनके ननिहाल भेज दिया गया है। गांव में हर कोई इन मासूमों के भविष्य को लेकर चिंतित नजर आया।
यह भी पढ़ें: एटा में मौत बनकर दौड़ा कंटेनर, खड़ी रोडवेज बस को रौंदा, 5 की मौत, 12 घायल
गांव में पसरा मातम, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शशि के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है। थाना शमशाबाद प्रभारी सुरेंद्र राव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


